दो लाख दो वरना तुम्हें और परिवार को गोली से उड़ा दूंगा: Kanpur में सिक्योरिटी गार्ड ने दी धमकी, कारोबारी के उड़े होश, जानिए मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। नजीराबाद थानाक्षेत्र में सिक्योरिटी गार्ड को नौकरी से निकालना एक कारोबारी को भारी पड़ गया। सिक्योरिटी गार्ड कारोबारी को फोन कर गुस्से में बोला कि दो लाख दो वरना तुम्हें और तुम्हारे परिवार को गोली से उड़ा दूंगा। धमकी मिलने पर कारोबारी के होश उड़ गए। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी देकर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। वहीं पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ करने में जुटी है। 
 
अशोक नगर निवासी कारोबारी प्रियम गोयल ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि चार माह पूर्व गाजीपुर निवासी गार्ड विमल सिंह उनके घर की सिक्योरिटी में तैनात था। वह अक्सर आने जाने वालों से गलत व्यवहार करता था। नशेबाजी और महिलाओं से अभद्रता के चलते उसका बकाया रुपया देकर नौकरी से निकाल दिया था। पिछले कई दिनों से वह फोन करके उन्हें और उनके भाइयों के साथ पूरे परिवार वालों को गोली से उड़ाने की धमकी दी। साथ ही कहा कि दो लाख रुपये दो वरना पूरे परिवार को खत्म कर दूंगा। 

आरोप लगाया कि असलहे के बल पर वह जबरन वसूली का प्रयास कर रहा है। इससे पूरा परिवार डरा सहमा हुआ है। पीड़ित कारोबारी ने मामले की शिकायत नजीराबाद थाने में की। इस संबंध में थाना प्रभारी नजीराबाद अमान सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। कारोबारी ने बताया कि उसके पास लाइसेंसी हथियार है जिससे वह भय दिखाता है। इस संबंध में डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी के अनुसार आरोपी की रायफल को बरामद कर लिया है। रायफल का लाइसेंस निरस्त कराने के लिए नजीराबाद थाने की पुलिस डीएम को रिपोर्ट बनाकर भेजेगी।

यह भी पढ़ें- 2025 Prediction: 2025 में प्रमुख देशों के बीच युद्ध का खतरा, भारत के सामने होंगी ये चुनौतियां...यहां जानिए नये साल का भविष्यफल

 

संबंधित समाचार