Kanpur: पांचों अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों में लगा टनल वेंटिलेशन सिस्टम, टनल के अंदर पर्याप्त वायु प्रवाह बनाए रखेगा, तापमान को भी रखेगा सामान्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। मेट्रो ने कॉरिडोर-1 (आईआईटी से नौबस्ता) के अंतर्गत चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल स्टेशन तक पांचों अंडरग्राउंड स्टेशनों में टनल वेंटिलेशन सिस्टम (टीवीएस) इंस्टॉल कर लिया है। अंडरग्राउंड सेक्शन में जमीन से लगभग 16 मीटर नीचे मेट्रो परिचालन के दौरान यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए टीवीएस लगाया गया है। यह टनल के अंदर पर्याप्त वायु प्रवाह बनाए रखेगा। अंडरग्राउंड स्टेशनों के लगभग 30 प्रतिशत से अधिक हिस्से पर तकनीकी कक्षों में टनल वेंटिलेशन फैन, ट्रैकवे एग्जॉस्ट फैन, डैम्पर्स आदि इंस्टॉल किए गए हैं। यह उपकरण ही टनल वेंटिलेशन सिस्टम तैयार करते हैं। 

यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि मोतीझील के बाद कानपुर सेंट्रल तक पांचों अंडरग्राउंड स्टेशन चुन्नीगंज, नवीन मार्केट, बड़ा चौराहा, नयागंज और कानपुर सेंट्रल में यह सिस्टम इंस्टॉल कर दिया गया है। टीवीएस सिस्टम अंडरग्राउंड स्टेशन के लिए फेफड़ों की तरह काम करता है और आग लगने जैसी आपात परिस्थितियों में यात्रियों को सुरक्षित निकालने में इसकी सबसे अहम भूमिका होती है। 

टनल के अंदर ट्रेन रुक जाने जैसी स्थिति में यह सिस्टम टनल के अंदर तापमान को सामान्य बनाए रख सकता है। आग लगने जैसी दुर्घटना के दौरान टनल वेंटिलेशन फैन्स धुएं की आवाजाही को नियंत्रित करते हैं। ट्रैकवे एग्जॉस्ट फैन्स अंडरग्राउंड टनल में मेट्रो के एयर कंडीशनर से निकलने वाली गर्म हवा और ब्रेक लगने के दौरान उत्पन्न गर्मी को कैप्चर कर प्लेटफॉर्म के वातावरण में मिश्रित होने से रोकता है। इससे टनल के अंदर तापमान सामान्य बनाए रखने में मदद मिलती है। 

यह भी पढ़ें- Kanpur में चलेगा टीबी रोगियों को खोजने का अभियान, घर-घर जाकर होगी लोगों की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य कर्मियों को किया जा रहा प्रशिक्षित

 

संबंधित समाचार