दो नाबालिग बहनों की हत्या करके शव तालाब में फेंके, दुष्कर्म की आशंका
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित वर्ग की दो नाबालिग बहनों की हत्या करके शव एक तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियों की आंखों में चोट के निशान हैं। पुलिस ने बताया कि बच्चियां दोपहर को चने का साग तोड़ने जंगल के …
फतेहपुर। उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित वर्ग की दो नाबालिग बहनों की हत्या करके शव एक तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चियों की आंखों में चोट के निशान हैं। पुलिस ने बताया कि बच्चियां दोपहर को चने का साग तोड़ने जंगल के खेत में गयी थीं और शव सोमवार को देर रात तालाब में मिले।
फतेहपुर के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) राजेश कुमार ने बताया कि असोथर थानाक्षेत्र के एक गांव में अनुसूचित वर्ग (दलित) के एक व्यक्ति की दो नाबालिग बेटियों (12 वर्ष और आठ वर्ष) के शव जंगल में एक तालाब से मिले हैं और दोनों बच्चियों की आंखों में चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि दोनों बच्चियां सोमवार दोपहर घर से खेत में चने का साग तोड़ने गयीं थीं। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजन और ग्रामीणों ने उनकी तलाश की व शव जंगल में तालाब में तैरते पाए जाने पर करीब नौ बजे रात को पुलिस को सूचना दी।
एएसपी ने बताया कि परिजन और ग्रामीणों ने अज्ञात पर दुष्कर्म या दुष्कर्म करने में असफल होने पर हत्या करके शव तालाब में फेंके जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शव कब्जे में ले लिए गए हैं और मामले की गहराई से जांच-पड़ताल की जा रही है। एएसपी ने कहा कि मौत के असली कारणों की जानकारी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मिलेगी।
