बाराबंकी: लड़ने को कांग्रेस ने उठाया सूचना का ‘हथियार’, कार्यकर्ताओं को दिया प्रशिक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। लंबे समय से सूबे की सत्ता से दूर चल रही कांग्रेस अगले विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से तरह-तरह के प्रयोग आजमाने में लगी है। सत्तारूढ़ भाजपा पर हमले के लिए कारगर ‘हथियार’ की तलाश में जुटी कांग्रेस अब सूचना के अधिकार का भी प्रयोग कर रही है। इसके लिए वह अपने सूचना का अधिकार विभाग के कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दे रही है।

इसी क्रम में रविवार को एक स्थानीय लॉन में कांग्रेस के सूचना का अधिकार विभाग द्वारा अयोध्या मण्डल की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की अध्यक्षता पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने की। कार्यशाला में पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से जन सूचना कानून का उपयोग कर जिला, मंडल व शासन स्तर का भ्रष्टाचार उजागर कर राज्य सरकार की कमियों की तरफ जनता का ध्यान खींचने का आह्वान किया।

इस दौरान कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि सूचना का अधिकार भ्रष्टाचार के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। इसके प्रयोग से देश से भ्रष्टाचार पूर्णरूप से समाप्त किया जा सकता है। यह कानून पूर्व प्रधानमंत्री स्व. मनमोहन सिंह की देन है। सूचना का अधिकार कानून हमारी लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।

इसे सही तरीके से उपयोग करके नागरिक अपनी समस्याओ का समाधान पा सकते हैं और शासन सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित करा सकते हैं। डबल इंजन की सरकार इस कानून को कमजोर करने का काम कर रही है। सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिये ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को सूचना के अधिकार कानून का प्रयोग करना चाहिये।

कार्यशाला के विशिष्ट अतिथि सूचना का अधिकार के प्रदेश चेयरमैन पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य समाज के अन्तिम व्यक्ति तक सूचना के अधिकार की ताकत की जानकारी पहुंचाना है। अब तक प्रदेश के आठ मण्डलो में कार्यशाला अयोजित की जा चुकी है। मण्डलस्तर के बाद जनपद स्तर पर कार्यशाला आयोजित कर जन-जन तक इस सशक्त कानून की जानकारी पहुंचाई जाएगी। जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग सूचना के अधिकार का प्रयोग करके सरकार के भ्रष्टाचार को उजागर कर सकें।

वहीं पूर्व सांसद डॉ. पीएल पुनिया ने कहा कि सूचना के अधिकार के इस्तेमाल से भ्रष्टाचार को समूलरूप से खत्म किया जा सकता है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. मनमोहन सिंह सरकार का यह सबसे बडा कानून है। जिसे इतिहास में याद रखा जायेगा। कार्यशाल में लगभग 101 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रमाण-पत्र व अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

ये भी पढ़ें- दिल्ली को PM मोदी की सौगात, 12200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

संबंधित समाचार