संभल हिंसा के दौरान छत से पथराव करने वाली महिला गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On


संभल, अमृत विचार। संभल हिंसा के दौरान मकान की छत से पुलिस पर पथराव करने वाली एक महिला को नखासा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पथराव के दौरान पुलिस ने वीडियो बनाया था और अब उसी वीडियो से महिला की पहचान हुई है।

 24 नवंबर को जामा मस्जिद के सर्वे के विरोध में हुई हिंसा के दौरान जहां हजारों की भीड़ ने सड़क पर उतरकर पुलिस पर पथराव,फायरिंग व वाहनों में आगजनी की थी। इस दौरान महिलाओं ने भी छतों से पुलिस पर पथराव किया था। हिंदूपुरा खेड़ा में अन्य पुलिस कर्मियों के साथ ही डीएम व एसपी पर भी महिलाओं ने छतों से पथराव किया था। तीन महिलाओं को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया था जबकि बाकी महिलाओं की तलाश में पुलिस जुटी थी। पथराव केे समय पुलिस ने वीडियो बनाया था जिसमें एक महिला का चेहरा पथराव करते नजर आ रहा था। इस महिला की पहचान में पुलिस जुटी हुई थी। महिला की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी को पुलिस ने छापेमारी की। अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र ने बताया कि पथराव करने वाली महिला की शिनाख्त जिकरा पत्नी सुहैब निवासी हिंदूपुरा खेड़ा थाना नखासा के रूप में हुई है। महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस हिंसा में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।


संबंधित समाचार