Moradabad : जेल में बंद पूर्व ब्लॉक प्रमुख के साथी पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

ललित कौशिक के साथी ने महिला को स्कूल में नौकरी दिलाए जाने का झांसा देकर किया था दुष्कर्म

सफद घेरे में आरोपी कमलवीर सिंह, साथ मौजूद पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक का फाइल फोटो

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की रहने वाले एक महिला ने पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक के साथी कमलवीर सिंह पर स्कूल में नौकरी दिलाने के नाम पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उसे बहाने से अपने घर पर बुलाया और दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी महिला ने सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर को शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका पति दो बच्चों के साथ उसे छोड़कर जा चुका है। इसी दौरान उसकी मुलाकात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आशियाना कॉलोनी के प्रकाश एनक्लेव निवासी कमलवीर सिंह से हुई। उस समय कमलवीर ने उसे खुद को शिक्षक बताया था। महिला ने आरोप लगाया कि कमलवीर सिंह से उसने किसी काम पर लगाए जाने की बात कही थी। जिस पर कमलवीर सिंह ने एक स्कूल में उसकी नौकरी लगवाने का झांसा दिया था।

महिला का आरोप है कि 15 अगस्त 2023 को कमलवीर ने उसे कॉल की और नौकरी की बात करने के लिए अगवानपुर पुल के पास बुला लिया। यहां से कमलवीर उसे कार में बैठाकर अपने घर ले गया। महिला का आरोप है कि उस वक्त कमलवीर के घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। कमलवीर ने उसे यह कहकर घर में ही बैठा लिया कि कुछ लोग आ रहे हैं। उनसे ही नौकरी की बात करनी है।

महिला का कहना है कि कमलवीर ने उसे नशा मिली हुई कोल्ड ड्रिंक पिला दी। इसके बाद वह बेहोश हो गई। 16 अगस्त 2023 की सुबह वह होश में आई तो निर्वस्त्र थी। महिला का आरोप है कि कमलवीर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर केस दर्ज किया गया है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे। उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म का आरोपी कमलवीर सिंह जेल में बंद पूर्व ब्लाक प्रमुख ललित कौशिक का साथी है।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: हूटर बजाने से मना किया तो भजपा नेता को पिस्टल लहराकर दौड़ाया...वीडियो वायरल हुआ तो रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार