बरेली: बीडीए ने ध्वस्त कीं 21 दुकानें, विरोध करने वालों को पुलिस ने खदेड़ा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। अधिग्रहण की गयी भूमि को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण सालों तक लापरवाह बना रहा। भूमि पर लोगों ने कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया, तब बीडीए के जिम्मेदारों को भूमि की याद आयी है। मंगलवार को बीडीए ने पुलिस की मदद से अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर …

बरेली,अमृत विचार। अधिग्रहण की गयी भूमि को लेकर बरेली विकास प्राधिकरण सालों तक लापरवाह बना रहा। भूमि पर लोगों ने कब्जा कर निर्माण शुरू कर दिया, तब बीडीए के जिम्मेदारों को भूमि की याद आयी है। मंगलवार को बीडीए ने पुलिस की मदद से अवैध निर्माण और कब्जों के खिलाफ अभियान चलाया। बरेली-बीसलपुर मार्ग पर स्थित गांव डोरिया में अतिक्रमण हटाया। यहां 21 दुकानों को ध्वस्त कराया। इस दौरान कुछ महिलाओं व व्यक्तियों ने विरोध किया। इस दौरान विरोध कर रहे लोगों को पुलिस ने लाठी फटकार कर खदेड़ दिया।

बीडीए ने बरेली-बीसलपुर मार्ग पर रामगंगा नगर आवासीय योजना के लिए भूमि अर्जित की है। विभागीय अधिकारियों की अनदेखी की वजह से इस जमीन पर लोगों ने पक्का निर्माण कर लिया था। इसके साथ ही महायोजना मार्ग के लिए आरक्षित भूमि पर अतिक्रमण कर लोगों ने निर्माण कार्य कर लिया था। यहां चार लोगों ने 21 दुकानों का निर्माण करा लिया था। भूमि अर्जित व आरक्षित करने के बाद कब्जा किए दुकानदारों ने भूमि खाली नहीं की गई।

इस पर बीडीए की ओर से उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत कब्जाधारकों को नोटिस जारी किया गया लेकिन कब्जेदारों ने भूमि खाली नहीं की। तय समय निकलने के बाद जब भूमि खाली नहीं हुई तो बीडीए ने जिला प्रशासन व पुलिस को मामले की जानकारी दी।

मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के लिए टीम पहुंची। इसकी जानकारी पर दुकान बनाने वाले और उनकी परिवार की महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने अब तक बीडीए के नक्शे पर उनकी भूमि न चढ़ने और उनका गाटा संख्या बीडीए को हस्तांतरित न होने की बात कही, साथ ही अतिक्रमण हटाए जाने का पुरजोर विरोध किया। इस पर पुलिस ने लाठी फटकार कर सभी को खदेड़ दिया।

इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बीडीए ने जेसीबी की मदद से हरीश की चार, जोगराज की पांच दुकानों समेत 21 दुकानों को ध्वस्त करा दिया। इसके अलावा यहां दो कमरे बनाकर स्कूल संचालित किया जा रहा था। उन्होंने ध्वस्तीकरण से पहले ही अपना अतिक्रमण हटा लिया। अतिक्रमण हटाए जाने के दौरान मौके पर अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित, सहायक अभियंता अनिल कुमार मौजूद रहे।

संबंधित समाचार