महाराष्ट्र : ठाणे में ऑटो-रिक्शा ने कई वाहनों को मारी टक्कर, 3 की मौत,17 घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बुधवार सुबह मुंबई-आगरा राजमार्ग पर एक ऑटो-रिक्शा की टक्कर एक बस और कुछ अन्य वाहनों से हो गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह चार बजकर 15 मिनट पर शाहापुर तालुका के घोटेघर गांव में खिणावली पुल के पास हुई। 

 शाहापुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि ऑटो-रिक्शा चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके चलते वाहन डिवाइडर से टकरा कर विपरीत लेन में चला गया और एक प्राइवेट बस, दो कार तथा एक टेम्पो से उसकी टक्कर हो गई। इससे पहले पुलिस ने कहा था कि दुर्घटना के लिए एक ऑटो-रिक्शा चालक जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि बस में सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 17 अन्य घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। अधिकारी ने बताया कि बस नासिक से मुंबई जा रही थी। पुलिस ने बताया कि घायलों को ठाणे सरकारी अस्पताल, कलवा सरकारी अस्पताल, शाहपुर सरकारी अस्पताल और शाहपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑटो-रिक्शा चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज किया गया है। 

ये भी पढ़ें-Mahakumbh 2025: श्रद्धालुओं के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा, चलेंगी रिंग रेल स्पेशल ट्रेन, जानें डेट और टाइम

संबंधित समाचार