संभल : बिना नक्शा मकान निर्माण मामले में सांसद बर्क नहीं दे पाए जवाब, मांगा समय
सांसद की तरफ से नये अधिवक्ता को पैरवी के लिए किया गया नियुक्त, नये अधिवक्ता ने मांगा मामले को समझाने के लिए समय...एसडीएम ने दिया 23 जनवरी तक का समय, जिसके बाद होगी कार्रवाई
संभल के दीपा सराय में सांसद जियाउर्रहमान बर्क का मकान जिसे बिना नक्शा पास कराये बनवाये जाने पर नोटिस दिया गया है
संभल, अमृत विचार। बिना नक्शे के मकान निर्माण मामले में सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क अपना जवाब दाखिल नहीं कर पाये। सांसद ने पैरवी के लिए नया अधिवक्ता नियुक्त किया तो अधिवक्ता ने मामले को समझाने के लिए समय मांगा। नियत प्राधिकारी एसडीएम ने एक सप्ताह यानी 23 जनवरी तक का समय दिया है। एसडीएम का कहना है कि अगर साक्ष्य सहित संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो एक्ट के प्रावधान के तहत कार्रवाई की जाएगी।
सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क को मकान के अवैध निर्माण मामले में नियत प्राधिकारी एसडीएम डॉ.वंदना मिश्रा की ओर से नोटिस जारी किया गया था। इस मामले में तीन बार नोटिस की कार्रवाई की गई। जिसमें 16 जनवरी यानी गुरुवार की तारीख लगी थी। सांसद की ओर से नोटिस को लेकर जवाब दाखिल किया जाना था लेकिन गुरुवार को भी जवाब दाखिल नहीं किया गया। सांसद की ओर से एक प्रार्थना पत्र देकर नया अधिवक्ता नियुक्त किया गया। नियुक्त किये गये अधिवक्ता ने जवाब देने के लिए समय मांगा । एसडीएम डॉ.वंदना मिश्रा ने बताया कि सांसद द्वारा एक और प्रार्थना पत्र दिया गया है।
इसमें नया अधिवक्ता नियुक्त किया गया है। जो अधिवक्ता नियुक्त हुए हैं उन्होंने साक्ष्य दाखिल करने के लिए समय मांगा है। 23 जनवरी तक का समय दिया गया है। जिसके बाद संतोषजनक जवाब नहीं देने पर एक्ट के प्रावधान के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम ने कहा कि नगर पालिका परिषद के पास जो रिकार्ड है उसमें वर्तमान सांसद का भी नाम मकान में दर्ज है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : टैक्स वसूली में अड़चन बनी जीआईएस सर्वे की लंबित आपत्तियां, नगर निगम की बोर्ड बैठक में भी उठा था मुद्दा
