मुरादाबाद : घर में घुसकर महिला से किया दुष्कर्म, दोस्त ने बनाई अश्लील वीडियो...दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की महिला ने डिलारी थाना क्षेत्र के युवक पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने और उसके साथी पर अश्लील वीडियो बनाने का आरोप लगाते हुए डीआईजी से शिकायत की थी। डीआईजी के आदेश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की आशियाना चौकी क्षेत्र निवासी महिला ने डीआईजी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि डिलारी के गांव काजीपुर निवासी रहीस अहमद से उसके पति की जान पहचान थी। इसी कारण उसका घर पर आना जाना था। महिला ने आरोप लगाया कि बीती 26 अप्रैल 2024 को उसकी ननद के बेटे की शादी रामलीला ग्राउंड लाजपतनगर में थी। जिसमें पूरा परिवार शामिल हुआ था। पीड़िता के अनुसार शादी के बाद देर रात लगभग 3:00 बजे पति उसे और बच्चे को घर छोड़कर वापस शादी में चला गया था।

आरोप है कि अगले दिन सुबह 7:00 बजे आरोपी रहीस अपने एक साथी के साथ घर आ गया। पीड़िता के अनुसार रहीस ने उससे पानी मांगा तो वह किचन में पानी लेने चली गई। तभी पीछे से आकर आरोपी रहीस ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन दुष्कर्म किया। जबकि उसके साथ आए इमरान वीडियो बना ली। पीड़िता के अनुसार उस घटना के बाद लोकलाज के डर से वह चुप रही। लेकिन, आरोपी रहीस ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसका शारीरिक शोषण करना शुरू कर दिया।

पीड़िता के अनुसार परेशान होकर उसने 11 नवंबर 2024 को अपने पति को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद थाने पर जाकर शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। बाद में डीआईजी और एसएसपी से गुहार लगाई, जहां से कार्रवाई के आदेश हुए। थाना सिविल लाइंस प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी रहीस और उसके साथी इमरान के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : डोनाल्ड ट्रंप के आने से निर्यातकों में जगी मंदी छटने की उम्मीद

संबंधित समाचार