जल्द शुरू होगी बेसिक शिक्षकों की भर्ती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद अमृत विचार से बातचीत में बोले बेसिक शिक्षा मंत्रीकहा आदेश की कॉपी मिलते ही बैठक में तय होगा भर्ती का शेड्यूल अमृत विचार लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद में 69 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्र​क्रिया जल्द ही पूरी की जायेगी। ये बात बुधवार को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार …

  • सुप्रीम कोर्ट का निर्णय आने के बाद अमृत विचार से बातचीत में बोले बेसिक शिक्षा मंत्री
  • कहा आदेश की कॉपी मिलते ही बैठक में तय होगा भर्ती का शेड्यूल


अमृत विचार लखनऊ। बेसिक शिक्षा परिषद में 69 हजार शिक्षकों की नियुक्ति प्र​क्रिया जल्द ही पूरी की जायेगी। ये बात बुधवार को बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ सतीश चन्द्र द्विवेदी ने सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद कही। अमृत ​विचार से बातचीत करते हुए उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को स्वागत योग्य बताया। उन्होंने कहा कि सभी चयनित अभ्यर्थियों मैं बधाई देता हूं,
उन्होने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय से शिक्षक भर्ती प्रक्रिया का मार्ग प्रशस्त हुआ है और इस फैसले का दूरगामी परिणाम होगा। डा. द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रारूप पर सर्वोच्च न्यायालय ने मुहर लगा कर पूरे देश में ये संदेश दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हर गांव, गरीब, मजदूर, किसान का अधिकार है जिसको ध्यान में रखते हुए वर्तमान सरकार कार्य कर रही है। बता दें कि सुप्रीम कोर्ट ने सरकार के पक्ष में फैसला देते हुए बढ़ी हुई कटआफ के तहत भर्ती का आदेश दिया है।

31 हजार 277 शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी


डा. द्विवेदी ने कहा कि न्यायालय के निर्देशानुसार बेसिक शिक्षा विभााग की ओर से 69 हजार शिक्षक भर्ती में से 31 हजार 277 पदों पर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा चुकी हैं, शेष पदों पर न्यायालय का निर्णय प्राप्त होते ही शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शीध्र पूरी की जायेगी।

शिक्षा मित्रों को मिलेगा भर्ती में मौका


डॉ द्विवेदी ने कहा कि शिक्षामित्रों के सम्बन्ध में न्यायालय की ओर से शिक्षक भर्ती में एक और अवसर दिये जाने का जो निर्देश दिया गया है उसका स्वागत करता हूं और अगली जो भी शिक्षक भर्ती प्रक्रिया होगी उसमें शिक्षामित्रों को एक और अवसर प्रदान किया जायेगा।

जल्द होगी शासन स्तर पर बैठक

69 हजार में शेष पदों पर नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर जल्द बैठक की जायेगी। बैठक में ही भर्ती का शेड्यूल तय किया जायेगा। शेष भर्ती के लिए जिलों में खाली पड़े पदों का ब्योरा भी मांगा जायेगा। बैठक में बेसिक शिक्षा मंत्री के साथ अपर मुख्य सचिव बेसिक, शिक्षा महानिदेशक, निदेशक समेत विशेष सचिव स्तर के अधिका​री शामिल होंगे।

संबंधित समाचार