लखीमपुर खीरी: गन्ने के खेत में दिखे तेंदुआ के तीन शावक, निगरानी बढ़ाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सिंगाही/लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: दुधवा नेशनल पार्क के बफर ज़ोन की लुधौरी वन रेंज क्षेत्र के अयोध्यापुरवा में गन्ने की छिलाई कर रहे मजदूरों की नजर खेत में उछल-कूद कर रहे तेंदुए के तीन शावकों पर पड़ी। यह देखकर वहां हड़कंप मच गया। कुछ मजदूरों ने शावकों की तस्वीरें लीं और वीडियो बनाए, जिन्हें बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम शावकों की निगरानी कर रही है।

सिंगाही-निघासन मार्ग पर ग्राम पंचायत बंगलहा तकिया के मजरा अयोध्यापुरवा के मजदूर गांव के ही राधेश्याम के खेत में गन्ने की छिलाई करने गए थे। छिलाई के दौरान उन्हें किसी वन्यजीव की मौजूदगी का आभास हुआ। जब उन्होंने ध्यान से देखा, तो उनकी नजर उछल-कूद कर रहे तेंदुए के शावकों पर पड़ी। यह देखकर मजदूर घबरा गए। कुछ मजदूरों ने हिम्मत दिखाते हुए अपने मोबाइल से शावकों की तस्वीरें लीं और वीडियो बनाए। इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

सूचना मिलने पर लुधौरी और बेलरायां वन रेंज के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। शावकों की निगरानी के लिए एक टीम तैनात की गई है। गौरतलब है कि दो दिन पहले फरदहिया गांव के निकट ब्रह्म बाबा स्थान पर एक बाघिन अपने दो शावकों के साथ देखी गई थी। अब तेंदुए के शावकों के देखे जाने के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई है। बाघिन और तेंदुए के गन्ने के खेतों में छिपे होने की आशंका से किसान और मजदूर खेतों में जाने से कतरा रहे हैं।

लुधौरी रेंजर गजेंद्र सिंह ने बताया कि गन्ने के खेत में तेंदुए के शावक देखे गए हैं। हालांकि, टीम जब मौके पर पहुंची तो शावक वहां नहीं मिले। फिलहाल, शावकों की निगरानी के लिए एक टीम तैनात की गई है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर : गलत विवेचना में फंसे इंस्पेक्टर बीएस वर्मा, कोर्ट ने FIR दर्ज कराने के दिए आदेश

संबंधित समाचार