पीलीभीत: कक्षा पांच की छात्रा से दुष्कर्म की कोशिश करने वाले को 10 साल कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत (विधि संवाददाता), अमृत विचार। खेत पर पशु चराने गए दादा को घास काटने के लिए दरांती देने जा रही कक्षा पांच की छात्रा को गन्ने के खेत में लेजाकर दुष्कर्म की कोशिश करने के आरोपी ग्राम अलकथान निवासी रुपलाल को सुनवाई के बाद दोषी पाते हुए दस साल कैद और पचास हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है। अपर सत्र न्यायाधीश बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट गीता सिंह ने दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली का परिशीलन करने के बाद फैसला सुनाया। राज्य सरकार की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक अनिल कुमार शर्मा ने की।

अभियोजन कथानक के अनुसार क्षेत्र के एक व्यक्ति ने बरखेड़ा थाने में आठ सितंबर 2022 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसमें बताया था कि उसकी 11 वर्षीय पुत्री कक्षा पांच में पढ़ती है। आठ सितंबर 2022 को दोपहर दो बजे स्कूल से वापस आई। पिता खेत पर पशु चराने गए हुए थे।  कुछ देर बाद पुत्री वादी के पिता को घास काटने के लिए दरांती देने के लिए खेत पर जा रही थी। दोपहर करीब तीन बजे रास्ते में बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम अलकथान निवासी  रुपलाल पुत्र रामप्रसाद पुत्री को मिला और घास काटने के बहाने गन्ने के खेत में ले गया। वहां पुत्री से बुरा काम किया। पुत्री ने घर आकर पूरी घटना अपनी मां और दादी को बताई। बरखेड़ा पुलिस ने आईपीसी की धारा 376 एबी, पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की। विवेचना पूरी कर चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की गई। मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश बलात्कार एवं पॉक्सो एक्ट गीता  सिंह की अदालत में हुई। दोनों पक्षों को सुनने और पत्रावली का परिशीलन करने के बाद आरोपी रुपलाल को बालिका से दुष्कर्म की कोशिश करने का दोषी पाते हुए दस साल कैद और 50 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थदंड अदा न करने पर दोषसिद्ध अपराधी को तीन माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

प्रतिकर के रुप में पीड़िता को दी जाएगी अर्थदंड की धनराशि
न्यायालय ने दोषी रुपलाल पर पचास हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया है। न्यायालय ने ये भी आदेश किया है कि दोषी द्वारा अर्थदंड की धनराशि जमा करने पर संपूर्ण धनराशि बतौर प्रतिकर के रुप में पीड़िता को अदा की जाए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण  को भी आदेशित किया कि उपरोक्त प्रतिकर दिलाए जाने के लिए नियमानुसार समुचित कार्यवाही की जाए।

संबंधित समाचार