मुरादाबाद : एक्सपोर्टर के खिलाफ पांच करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज, दो बेटे और पुत्रवधू पर भी आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मॉडर्न पब्लिक स्कूल के मालिक भी हैं एक्सपोर्टर, बीकानेर के कारोबारी की शिकायत पर एसएसपी ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच का दिया आदेश

मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर के नामचीन निर्यातक और उसके परिवार के खिलाफ 3.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला निर्यात के लिए कालीन खरीदने के बाद भुगतान न करने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देने से जुड़ा है। बीकानेर के कारोबारी ने एसएसपी से मिलकर शिकायत की थी जिसके बाद थाना गलशहीद में एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू की गई है।

गलशहीद थाना क्षेत्र के प्रिंस रोड के रहने वाले शाहे आलम पुराने निर्यातक हैं और दिल्ली रोड पर मार्डन पब्लिक स्कूल के मालिक भी हैं। इनके पुत्र जैद आलम और जुनैद आलम व पुत्रवधू जैनब भी कारोबार से जुड़े हैं। बीकानेर के रहने वाले रोशन लाल चावला का भदोही में कालीन निर्माण का कारखाना है। उनका आरोप है कि निर्यातक शाहे आलम ने पुत्रों व पुत्रवधू के साथ मिलकर उनके साथ 2.31 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की है। उन्होंने बताया कि उनका पैसा वर्ष 2018 से फंसा हुआ है। उनके माल की वर्तमान कीमत पांच करोड़ रुपये है। बताया कि बाइंग एजेंट जुनैद अंसारी के जरिए उनकी शाह आलम से 2011 में मुलाकात हुई और इसके बाद कारोबार की शुरुआत हो गई थी। दो-तीन साल माल व भुगतान का लेन-देन ठीक चलता रहा।

इन लोगों ने बाद में उसका पैसा रोकना शुरू कर दिया और बहाने करके उनसे कालीन लेते रहे। 2018 से तक इन पर करीब 2.31 करोड़ रुपये का उधार हो गया था। तकादा करने पर पैसे देने का वादा करते रहे फिर शाहे आलम ने अपने पुत्र व पुत्रवधू से नाता टूटने की जानकारी देकर रकम देने से इन्कार कर दिया। कारोबारी ने आरोप लगाया कि इस दौरान शाहे आलम ने उन्हें मार्डन पब्लिक स्कूल में बातचीत के लिए बुलाया था, यहां इन्होंने पैसे के बदले चार बीघा जमीन देने को कहा था। बाद में जमीन देने के वादे से मुकर गए और जान से मारने की धमकी भी दे दी।

थाना प्रभारी सौरभ त्यागी का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर तफ्तीश शुरू की गई है। शाहे आलम का मोबाइल नंबर बंद है और घर पर भी नहीं मिले हैं। बताया कि सभी बिंदुओं की जांच के साथ आरोपियों की तलाश भी शुरू कर दी है।

20 दिसंबर को बीकानेर के व्यापारी रोशन लाल चावला ने शाहे आलम और इनके पुत्रों समेत चार के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत एसएसपी से की थी। जांच के बाद गलशहीद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पीड़ित पक्ष के आरोपों व उपलब्ध कराए गए तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। आरोपियों की तलाश में एक टीम का भी गठन किया गया है।-कुंवर रणविजय सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर, मुरादाबाद

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : स्वामित्व योजना में घर बैठे पैतृक संपत्ति-खेती का मिलेगा डिजिटल रिकॉर्ड, नहीं होगा विवाद

 

संबंधित समाचार