Barabanki News : अधूरे कार्यों के बीच होगा प्रभारी मंत्री सुरेश राही का दौरा, अफसरों के छूट रहे पसीने
बाराबंकी, अमृत विचार : जिले के प्रभारी मंत्री सोमवार हरख ब्लॉक के कई गांवो में जाकर कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसको लेकर अधिकारी रविवार को तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। लेकिन कई ग्राम पंचायत में कार्य पूरा होता नहीं दिखा। ऐसे में अधूरे कार्यों के बीच ही प्रभारी मंत्री का दौरा होना लगभग तय माना जा रहा है। जिससे अफसरों के पसीने छूट रहे हैं। पूरी उम्मीद है कि यहां मंत्री को कई कार्य अधूरे ही दिखें।
बता दें कि प्रभारी मंत्री सुरेश राही प्रस्तावित कार्यक्रम क़े तहत 20 जनवरी को हरख विकास खंड के बलछत स्थित गोशाला, न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेरा, कोलागहबडी के कनक भारती अमृत सरोवर का निरीक्षण करने के बाद बरायन गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद चौपाल लगाकर जन समस्याएं सुनेंगे। कई दिनों से प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर ब्लॉक के अधिकारी तैयारियो में जुटे हुए हैं। बरायन का अंबेडकर पार्क मैदान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टेरा सहित अन्य स्थानों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली गई हैं। लेकिन कोलागहबडी के कनक भारती अमृत सरोवर पर मुख्य गेट के पास इंटरलॉकिंग व रैंप का कार्य अधूरा है। सीढ़ियां नहीं बनी हैं। तालाब के चारों ओर तार नहीं लगाया जा सका है। इसके अलावा यहां कई अन्य कार्य भी अधूरे हैं। तालाब को बिजली की रोशनी से जगमग करने के लिए एक दर्जन सोलर लाइटें लगवाई गई हैं। नहर से तालाब में पानी भरा जा रहा है।
यही हाल बलछत स्थित गोशाला के पास बने तालाब का भी है। यहां भी कई कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। गोशाला में जेसीबी से परिसर का समतलीकरण कराया जा रहा है और गोशाला में टीनसेड के नीचे मवेशियों को खड़े होने के लिए खड़ंजा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। गोशाला को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है। इन कार्यों को पूरा करने के लिए अफसरों के पसीने छूट रहे हैं और जैसे तैसे कार्य मानकविहीन कराए जा रहे हैं। नायब तहसीलदार सतरिख प्रियंका शुक्ला और बीडीओ प्रीती वर्मा ने रविवार को बरायन गांव के अलावा कई अन्य स्थानों पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। बीडीओ प्रीती वर्मा ने बताया कि प्रभारी मंत्री के आगमन को लेकर तेजी के साथ तैयारी कराई जा रही हैं। सारे कार्य पूर्ण करा लिये जाएंगे।
यह भी पढ़ें- Barabanki News : सब्जियों का राजा बढ़ा रहा किसानों के चेहरे की चमक
