रामपुर: नहर में डूबकर चार साल की मासूम बच्ची की मौत
बिलासपुर, अमृत विचार। आबादी के बीच बह रही बाया धीमरी नहर में डूबकर चार वर्षीय बालिका की मौत हो गई। मौत के बाद मोहल्लेवासियों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। बालिका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वार्ड नंबर 23 टांडा हुरमतनगर का रहने वाला गुलफाम अहमद पेशे से कैंटर चालक है। वह गाड़ी में माल लादकर संभल गया हुआ था। रविवार दोपहर 1 बजे उसकी 4 वर्षीय पुत्री अजमा घर के बाहर बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते-खेलते घर के बराबर में कुछ ही दूरी पर आबादी के बीच गुजर रही बाया धीमरी नहर पर पहुंच गई और पैर फिसलने के कारण वह अचानक नहर के पानी में डूब गई। बताया जाता है कि करीब आधे घंटे तक बच्ची के घर में नदारद रहने पर उसकी मां और दादा मोहम्मद अहमद ने उसे तलाशा तभी थोड़ी ही देर में बालिका का शव नहर के पानी में उतराता मिलने से चीख-पुकार मच गई। देखते-ही-देखते नहर पर मोहल्ले वासियों की भारी भीड़ जमा हो गई। बच्ची को आनन-फानन में नहर से बाहर निकाला। निजी चिकित्सक के पास ले गए। चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सिंचाई विभाग पर लगाया लापरवाही का आरोप
मृतका के परिजनों ने सिंचाई विभाग की लापरवाही बताते हुए कार्रवाई को लेकर हंगामा किया। मोहल्ले वासियों का आरोप है कि आबादी के बीच नहर गुजर रही है। जोकि गंदगी व पानी का निकास न होने की वजह से संक्रमण की वजह बनी हुई है,जबकि नहर को स्लैब डालकर ढका भी नहीं गया गया। जिसमें आए दिन बच्चे गिरते रहते हैं।
जानिए क्या बोले जिम्मेदार अधिकारी
मामले को लेकर सिंचाई विभाग के अवर अभियंता अजलम हुसैन ने बताया कि खेमरी डैम से निकलकर वाया धीमरी आबादी के बीच होकर नदी गुजर रही है,जोकि केवल हाईवे पर पुरी पेट्रोल पंप तक ही संचालित है। इसके अलावा आबादी के बीच जो नहर है, उस पर अतिक्रमण फैला हुआ है, जिनके विरुद्ध राजस्व टीम कार्रवाई कर रही है। अवर अभियंता ने बताया कि नहर की सफाई व्यवस्था के लिए स्टीमेट बनाया गया है और इससे पूर्व में भी सफाई हो चुकी है।
