शिक्षक भर्ती 2025ः 10 हजार से अधिक पदों पर होगी शिक्षकों की नियुक्ति, जानें कैसे कर सकते हैं आवेदन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

Teacher's Vacany: शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए एक बड़ी खबर है। मध्य प्रदेश सरकार ने एमपी कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने 10 हजार से अधिक शिक्षक पदों पर नियुक्ति के लिए अधिसूचना जारी की है। भर्ती के लिए आवेदन 28 जनवरी 2025 से शुरू होंगे। उम्मीदवार 11 फरवरी 2025 तक आधिकारिक वेबसाइट esb.mp.gov.in पर ऑनलाइन मोड में आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद फॉर्म करेक्शन के लिए उम्मीदवारों को 16 फरवरी 2025 तक का समय दिया जाएगा। भर्ती परीक्षा का आयोजन 20 मार्च 2025 को किया जाएगा।

10 हजार पदों पर होगी नियुक्ति 

मध्य प्रदेश सरकार द्वारा यह शिक्षक भर्ती स्कूल शिक्षा विभाग और जनजातीय कार्य विभाग के तहत विभिन्न पदों पर किया जाएगा। इसमें माध्यमिक शिक्षक (खेल, विषय और संगीत-गायन वादन), प्राथमिक शिक्षक (संगीत-गायन वादन, खेल और नृत्य) के पद शामिल हैं। राज्य में अलग-अलग पदों पर कुल 10,758 नियुक्ति की जाएगी। इनमें से 7929 नियुक्ति माध्यमिक शिक्षक (विषय) के लिए, 338 नियुक्ति माध्यमिक शिक्षक खेल के लिए, 392 नियुक्ति माध्यमिक शिक्षक संगीत (गायन-वादन) के लिए, 1377 नियुक्ति प्राथमिक शिक्षक खेल के लिए, 452 नियुक्ति प्राथमिक शिक्षक संगीत (गायन-वादन) के लिए और 270 वैकेंसी प्राथमिक शिक्षक-नृत्य के लिए हैं।

आवेदन करने के लिए अनारक्षित वर्ग के लिए 500 रुपये आवेदन शुल्क तय किया गया है। वहीं MP के मूल निवासी SC/ST/OBC/EWS/दिव्यांगजन उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 250 रुपये रखा गया है।  

क्या हो योग्यता

शिक्षक भर्ती में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 या 2023 में निर्धारित प्रतिशत से पास होना जरूरी है। इसके अलावा, संबंधित विषय में ग्रेजुएशन या प्रारंभिक शिक्षा में दो वर्षीय डिप्लोमा या फिर समकक्ष योग्यता अवश्य होनी चाहिए। साथ ही वे अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं जिनके पास संबंधित विषय में न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ ग्रेजुएशन डिग्री और शिक्षा शास्त्र में एक साल की बीएड डिग्री है।

12वीं के साथ प्रारंभिक शिक्षाशास्त्र में चार साल का B.eld डिग्री रखने वाले या बीए, बीएड/बीएससी, बीएड/बीएएड/बीएससीएड या समकक्ष योग्यता वाले अभ्यर्थी भी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं। हर विषयों के लिए योग्यता संबंधी अलग-अलग मानदंड तय किए गए हैं, जिसकी पूरी जानकारी अभ्यर्थी भर्ती आधिकारिक नोटिफिकेशन से ले सकते हैं।

न्यूनतम आयु 21 वर्ष

भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम आयु विभिन्न श्रेणियों के लिए अलग-अलग है। अनारक्षित वर्ग के पुरुष आवेदकों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष है, वहीं एमपी के मूल निवासी अनारक्षित महिलाओं के लिए यह आयु सीमा 45 वर्ष तक तय की गई है। अन्य आरक्षित वर्गों के आवेदकों के लिए भी अधिकतम आयु 45 वर्ष ही निर्धारित की गई है। आयु की गणना के लिए अधिकारिक मानक 1 जनवरी 2024 तक किया गया है। 

वेतन  

चयनित उम्मीदवारों का प्रारंभिक वेतन 25,300 से 32,800 रुपये तक हो सकता है। इसके साथ महंगाई भत्ता उम्मीदवारों को अलग से प्रदान किया जाएगा।  

दो पालियों में होगी परीक्षा 

शिक्षक भर्ती परीक्षा का आयोजन 20 मार्च 2025 से शुरू होगा। यह परीक्षा दो पालियों में आयोजित होंगी। पहले पाली के सुबह 7 से 8 बजे जबकि दूसरी पाली दोपहर 1 से 2 बजे के बीच आयोजित होगी। भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी एमपी कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट चेक कर सकते हैं।

संबंधित समाचार