रामपुर: इलाज में लापरवाही का आरोप...जच्चा बच्चा की मौत के बाद परिजनों का हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

बिलासपुर, अमृत विचार। एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान जच्चा और बच्चा की मौत हो जाने पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर सोमवार की दोपहर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पहले से चार बच्चे हैं। परिजनों ने अस्पताल पर हंगामा किया। पुलिस ने मामला शांत कराया।
 
खजुरिया थाना क्षेत्र के गुलालपुर गांव निवासी अब्दुल हसन की पत्नी रूबी गर्भवती थी। रविवार शाम को हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसको आनन-फानन में बिलासपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां महिला ने बच्चे को जन्म दिया। देर रात में अचानक महिला की तबियत बिगड़ गई। जिस पर अस्पताल के चिकित्सकों ने गर्भवती की स्थिति गंभीर देखते हुए उसको उत्तराखंड के एक निजी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इलाज को लेकर जाते समय रास्ते में ही जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में  कोहराम मच गया। परिजन जच्चा और बच्चा को बिलासपुर के अस्पताल ले आए। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। सोमवार की दोपहर जच्चा और बच्चा का शव परिजनों के हवाले कर दिया। इस पर प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह का कहना है कि इस प्रकरण में अभी उन्हें कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। परिजन पुलिस की कार्रवाई से इन्कार कर रहे हैं। अगर उन्हें कोई तहरीर प्राप्त होती है, तो मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। परिजन अस्पताल संचालक को जच्चा बच्चा की मौत का कुसूरवार ठहरा रहे हैं। साथ ही परिजनों ने अस्पताल के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा भी किया है। मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ।

ये भी पढ़ें - रामपुर : दहेज में एक लाख और बाइक नहीं मिलने पर महिला को पीटकर घर से निकाला, 6 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार