शाहजहांपुर: जमीन की खातिर बना भाई के खून का प्यासा...क्रिकेट स्टंप से पीटकर मार डाला
पत्नी और बेटे पर भी किया हमला, लखनऊ में घायलों का चल रहा इलाज
शाहजहांपुर, अमृत विचार। आठ बीघा जमीन विवाद में एक व्यक्ति अपने बेटे की मदद से बड़े भाई और उसकी पत्नी व बेटे को किक्रेट के स्टंप और डंडे से पीटकर घायल कर दिया। तीनों घायलों को राजकीय मेडिकल कालेज लाया गया। डाक्टर ने गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को लखनऊ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। जहां रात में डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के गांव मऊ खालसा निवासी 65 वर्षीय हरनाम सिंह का छोटा भाई बचन सिंह एक ही मकान में रहते है। लेकिन दोनों का आने-जाने का दरवाजा अलग-अलग है। उसका अपने छोटे भाई बचन सिंह से आठ बीघा जमीन का विवाद चल रहा है। यह विवाद काफी समय से चल रहा है। आरोप है कि बचन सिंह जमीन पर कब्जा कर रखा है और उसको जमीन का हिस्सा नहीं दे रहा था। रविवार की शाम पांच बजे बचन सिंह, उसका पुत्र अनुज, अमन उसके घर पर आए। हरनाम सिंह के बेटे प्रतिपाल सिंह ने अपने चाचा से कहा कि आठ बीघा जमीन को लेकर रोज-रोज का झगड़ा क्यों करते हो। आपस में बैठकर बटवारा कर लो। इस बात को लेकर दोनों तरफ से विवाद बढ़ गया। आरोप है कि बचन सिंह, उसका पुत्र अनुज, अमन, बल्देव, बचन सिंह की पत्नी विमला, पिंकी आदि डंडे और किक्रेट स्टंप लेकर आ गए। आरोपी उसके मकान में घुस गए और हरनाम सिंह के सिर में किक्रेट का स्टंप मार दिया, जिससे वह बेहोश हो गए। इस दौरान आरोपियों ने उसकी पत्नी पुष्पा देवी और बेटे विकास सिंह को भी डंडो से पीटकर घायल कर दिया।
आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को मेडिकल कालेज भेज दिया। डाक्टर ने हरनाम सिंह की हालत गंभीर होने पर लखनऊ मेडिकल कालेज के लिए रेफर कर दिया। परिवार वाले उसे देर रात लखनऊ मेडिकल कालेज ले गए। डाक्टर ने रात तीन बजे उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घायल पुष्पा देवी और उसके बेटे विकास सिंह का डाक्टरी परीक्षण कराया।
इधर मृतक की बेटी बबिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि सोमवार की शाम अपने परिवार के साथ घर पर थी। उसके चाचा बचन सिंह, उनकी पत्नी विमला देवी, बेटे अनुज सिंह, अमन सिंह, पुत्री पिंकी ओर पांच अज्ञात लोग घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए उसके पिता बचन सिंह, मां पुष्पा देवी और भाई विकास सिंह को डंडो और किक्रेट स्टंप से घायल कर दिया। उसके पिता की लखनऊ मेडिकल कालेज में मौत हो गयी। प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ गैर इरादन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
मृतक फॉलोअर के पद से हुआ था रिटायर
मृतक हरनाम सिंह पुलिस विभाग में फॉलोअर के पद था। वर्ष 2017 में फॉलोअर के पद पर रिटायर हुआ था। वह अधिकारियों और थाना पर फॉलोअर की नौकरी कर चुका था। रिटायर होने के बाद वह खेती करने लगे थे। उसके तीन पुत्र और तीन बेटियां थी। एक बेटी की शादी नहीं हुई और दो बेटियों की शादी हो गयी है। उसके पिता बलदेव सिंह की कई साल पहले मौत हो चुकी है। उसके पिता आठ बीघा जमीन छोड़ गए थे। पोस्टमार्टम के बाद उसका शव घर पर आया तो परिवार वालों का रो-रोकर बुराहाल था।
आरोपी अस्पताल में पहुंच गए
मृतक के घायल बेटे विकास सिंह ने बताया कि वह अपनी मां पुष्पा देवी के साथ ट्रामा सेंटर में था और इलाज करा रहा था। रात में साढ़े नौ बजे आरोपी अपने साथियों के साथ अस्पताल में मारने की नीयत से पहुंच गए थे। वहां पर मारने के लिए उतारु हो गए। जब शोर शराबा होने पर अस्पताल की चौकी वाले आ गए तो आरोपी भाग गए। इधर पुलिस मृतक के भाई बचन सिंह और उसके दो बेटों को सुबह गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ कर रही है।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर : संविदा विद्युत कर्मचारियों का धरना-प्रदर्शन, छंटनी और निजीकरण के विरोध में फूटा गुस्सा
