सुलतानपुर: मृतक का शव घर छोड़ परिजन पहुंचे SP दरबार, फटकार पर केस दर्ज
सुलतानपुर, अमृत विचार। ससुराल में हुई संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत के बाद परिजन अंतिम संस्कार से इनकार करते हुए मंगलवार को एसपी ऑफिस पहुंच गए। परिजनों ने युवक की पत्नी, साले व अन्य पर हत्या का आरोप लगाते हुए एसपी को शिकायती पत्र दिया है।
धम्मौर थाना क्षेत्र के लौहर पश्चिम निवासी महेश कुमार का सोमवार को गोसाईगंज थाना क्षेत्र के जोली मीरगंज गांव स्थित ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ शव मिला था। परिजन युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद लौहर पश्चिम ले गए और अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। मंगलवार को मृतक युवक की मां व भाई युवक के शव को घर पर ही छोड़ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए।
मृतक के भाई दिलीप कुमार ने बताया कि उसके भाई की ससुराल गोसाईगंज थाने के जोली मीरगंज गांव में भिखारी की पुत्री नीलम से हुई थी। उसकी एक चार वर्षीय बेटी नित्या है, जिसका जन्मदिन 18 जनवरी को था। उसकी पत्नी मायके में ही थी। आरोप है कि उसकी पत्नी नीलम ने जन्मदिन में सम्मिलित होने के लिए उसके भाई को मायके बुलाया था। जहां योजना बना कर उसकी पत्नी नीलम, उसके दो साले राहुल व रवि परिवार के अन्य लोगों ने गांव के जहीर अहमद के सहयोग से मारे पीटे। पिटाई से उसके भाई की मौत हो गई तो आत्महत्या दिखाने के लिए रस्सी गले में डालकर लटका दिया।
गोसाईगंज थानाध्यक्ष को शिकायती पत्र दिया तो उन्होंने टरका दिया। परिजनों ने बताया कि जब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं होता है तब तक उसका अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने गोसाईगंज थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि चार नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
ये भी पढ़ें- सुलतानपुर में सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश: अराजकतत्वों ने तीन मंदिरों में खंडित की शिवलिंग और बजरंगबली की प्रतिमा
