Ayodhya incident : नाना के अंतिम संस्कार में  शामिल होने जा रही छात्रा को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंदा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार : पूराकलंदर थाना अंतर्गत मसौधा- सोहावल तहसील मार्ग पर गौहनिया गांव के पास शुक्रवार को नाना के अंतिम संस्कार में जा रही हाईस्कूल की छात्रा तूबा (17) को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही छात्रा की मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में छात्रा के मौसा-मौसी गंभीर रुप से जख्मी हो गए हैं।

पूराकलंदर थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह के मुताबिक, क्षेत्र अरूवावां गांव निवासी अकमल की बेटी तूबा (17) हाईस्कूल की छात्रा थी। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह अपने घर से मौसा-मौसी के साथ बाइक पर सवार होकर नाना के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रौनाही के समाहे गांव जा रही थी। इस दौरान गौहनियां गांव के पास सड़क किनारे पड़ी गिट्टी से अनियंत्रित होकर बाइक ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में गई।

दुर्घटना में तूबा की मौत हो गई। पुलिस ने घायल मौसा- मौसी को सीएचसी मसौधा भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है जबकि चालक फरार हो गया। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Barabanki News : गणतंत्र दिवस को लेकर जवानों ने की परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल

संबंधित समाचार