लखीमपुर खीरी: क्षेत्र पंचायत की बैठक में लाभार्थियों के चयन में पक्षपात का लगा आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

सदर विधायक ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सर्वे कराने के दिए निर्देश

बेहजम, अमृत विचार। क्षेत्र पंचायत की बैठक शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में हुई। इसमें प्रधानामंत्री आवास योजना में सर्वेयरों पर लाभार्थियों के चयन में पक्षपात करने का आरोप लगाया।

बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख बीना राज ने की, जबकि मुख्य अतिथि एमएलसी अनूप गुप्ता रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों का चयन करने में क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने सर्वेयरों पर पक्षपात का आरोप लगाया। इस पर सदर विधायक योगेश वर्मा एवं एमएलसी अनूप गुप्ता ने जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में सर्वे कराने के लिए बीडीओ को निर्देश दिए। बीडीओ नीरज दुबे ने बताया कि लाभार्थियों का चयन करने के लिए 29 सर्वेयरों की टीम काम कर रही है। इसके बाद जल जीवन मिशन के तहत गांवों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, मनरेगा मजदूरी भुगतान की समस्याएं एवं पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों को दुरूस्त न कराए जाने की मामला छाया रहा। बीडीसी सोनू एवं कामिल खान ने सर्वेयरों की उदासीनता का मुद्दा उठाया, जिस पर बीडीओ ने कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। सीएचसी अधीक्षक बेहजम ने स्वास्थ्य योजनाओं और पशु चिकित्साधिकारी अनिरुद्ध कुमार सिंह ने गौ पालन, पशुओं में फैल रही बीमारियों और उसके लिए किए जा रहे कार्य गिनाएं। एडीओ एग्रीकल्चर जितेंद्र कुमार ने जनप्रतिनिधियों से किसानों की केवाईसी कराने में सहयोग करने की अपील की। राजकीय बीज भंडार के लोगों ने बीज व उपकरण पर मिल रहे अनुदान की जानकारी दी। ब्लॉक प्रमुख बीना राज ने विकास कार्यों की कार्य योजना के लिए ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव लेकर क्षेत्र पंचायत की कार्य योजना तैयार करने का प्रस्ताव पास किया। जिला पंचायत सदस्य रामशंकर राज रामू, उमाशंकर वर्मा, पुनेश राज सहित अन्य क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

संबंधित समाचार