पीलीभीत: धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान से बदलेगी इन सात गांवों की सूरत  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत,अमृत विचार। केंद्रीय राज्यमंत्री एवं पीलीभीत सांसद जितिन प्रसाद के प्रयासों से धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत पूरनपुर तहसील क्षेत्र के सात गांवों का चयन किया गया है। अब इन सातों गांवों में सर्वांगीण विकास कराया जाएगा। युवाओं को रोजगार के अवसर भी प्रदान हो सकेंगे।

बता दें कि दो अक्टूबर 2024 को ग्रामीण क्षेत्र के जनजातीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार एवं समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की। जिसके माध्यम से अनुसूचित जनजाति बाहुल्य गांवों को विशेष रुप से योजनाओं के माध्यम से विकसित किया जाएगा। इस अभियान के तहत जनजातीय गांवों में बुनियादी सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कृषि में सुधार के लिए कदम उठाए जाएंगे। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने इस अभियान के तहत जनपद के ग्रामों की सूरत बदलने के लिए भी काफी प्रयास किए। उनके प्रयासों से जनपद की तहसील पूरनपुर क्षेत्र के अनुसूचित जनजाति बाहुल्य सात गांव बंदरबोझ, नौजल्हा नकटहा, ढकिया ताल्लुके महाराजपुर, पूरनपुर खास (रुरल), चंदिया हजारा, शांति नगर, कबीरगंज को प्राथमिकता के आधार पर चुना गया है। 

इन गांवों की अब आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ किया जाएगा।  स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएंगी और रोजगार के अवसर के लिए भी नए प्रयास हो सकेंगे। सड़क, जलापूर्ति, बिजली, स्वच्छता को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। शिक्षा और कौशल विकास के तहत स्कूलों की स्थिति में सुधार कराया जाएगा।  आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया जाएगा। वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांगता भत्ता एवं अन्य योजनाओं का लाभ भी ग्रामीणों को प्राथमिकता पर दिलाया जाएगा। इसके अलावा भी कई काम कराए जाएंगे।

संबंधित समाचार