Unnao: छेड़छाड़ के मामले में नाम शामिल करने का खेल...घूस लेने के आरोपी दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा
उन्नाव, अमृत विचार। छेड़छाड़ के मामले में नाम शामिल करने के खेल में घूस लेने के आरोपी दरोगा को एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोच लिया। इसे लेकर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। टीम उसे लेकर सोहरामऊ थाना पहुंची। जहां आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बता दें कि हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर तोंदा गांव निवासी शीलम पत्नी अनुपम सिंह ने बीते 18 दिसंबर को तहरीर देकर गांव के बबलू गौतम, महिपाल, प्रेमचंद, सनी , आशीष व दो अज्ञात के खिलाफ छेड़छाड़ व जान से मारने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जिसकी विवेचना कोतवाली क्षेत्र के हल्का संख्या-4 के दरोगा बेचन यादव को दी गईं थी।
विवेचना के दौरान दौरान अभिषेक गौतम का नाम मुकदमे में शामिल करने के लिए आईओ ने वादी से डेढ़ लाख रुपये की मांग की थी। इसकी भनक लगने पर प्रधान ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। शुक्रवार देर शाम मोहान तिराहे से लखनऊ की एंटी करप्शन टीम ने आरोपी दारोगा को डेढ़ लाख रुपये लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया और सोहरामऊ थाने लाई।
इंस्पेक्टर चंद्रकांत मिश्र ने बताया कि दरोगा बेचन यादव को लखनऊ की एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा है। जिन्हें टीम सोहरामऊ लेकर गई है। सीओ संतोष सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी हुई है। पता लगाया जा रहा है।
