Republic Day 2025: ‘सारे जहां से अच्छा’ की धुन से हुई परेड की शुरुआत, 300 कलाकारों ने बांधा समां
नई दिल्ली। देश की विविधता प्रदर्शित करते हुए रंग-बिरंगे परिधान पहने 300 सांस्कृतिक कलाकारों ने रविवार को यहां कर्तव्य पथ पर ‘सारे जहां से अच्छा’ की धुन पर मार्च करते हुए 76वें गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत की। ये 300 कलाकार देश के विभिन्न हिस्सों से लोकसंगीत से जुड़े वाद्ययंत्र बजा रहे थे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और समारोह के मुख्य अतिथि इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की उपस्थिति में कलाकारों के दल ने मार्च किया। उन्होंने अपने वाद्ययंत्रों के स्वदेशी मिश्रण से निकलने वाली धुन से कार्तव्य पथ को गुंजायमान कर दिया। वाद्ययंत्रों में शहनाई, सुंदरी, नादस्वरम, बीन, मशक बीन, रणसिंघा, बांसुरी, कराडी माजलू, मोहुरी, शंख, तुतारी, ढोल, गोंग, निशान, चांग, ताशा, संबल, चेंडा, इदक्का, लेज़िम, थाविल, गुदुम शामिल थे।
