लखीमपुर खीरी: व्यापारियों ने की 6 विधान परिषद सदस्य चुने जाने की मांग
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार: अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष युवराज शेखर के नेतृत्व में जिला एवं नगर इकाई के पदाधिकारी खीरी सांसद उत्कर्ष वर्मा से मिले और संयुक्त रूप से व्यापारी हितों को लेकर 9 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। व्यापारी वर्ग से कम से कम छह विधानसभा सदस्य चुने जाने समेत अन्य मांगे शामिल हैं।
जिलाध्यक्ष युवराज शेखर ने बताया कि ज्ञापन देकर सांसद उत्कर्ष वर्मा के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से व्यापारी हितों को लेकर विभिन्न मांगे की गई हैं। उन्होंने बताया कि भारत का नववर्ष चैत्र शुक्ल प्रतिपदा विक्रम संवत 2082 से प्रारंभ होगा जो की कैलेंडर वर्ष के हिसाब से 30 मार्च 2025 को है।
भारतीय नव वर्ष की बधाई देने लेने एवं इससे संबंधित प्रचार-प्रसार में अपनी हिस्सेदारी करने, शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्र की तरह प्रदेश के लगभग 40 लाख पंजीकृत व्यापारियों से चुनकर सभी 6 क्षेत्रों अवध, काशी, ब्रज, गोरक्ष, कानपुर-बुंदेलखंड, पश्चिमी उप्र से 6 विधान परिषद सदस्य चुने जाने, 29 जून को व्यापारी दिवस पर समाज में अच्छा कार्य करने और उत्तर प्रदेश की तरह देश में राष्ट्रीय व्यापारी दिवस घोषित किया जाने की मांग की गई।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की जिलें में नियमित मासिक बैठक करने, जीएसटी में व्यापारी को अनावश्यक नोटिस ना जारी करने, किसी भी स्तर पर शोषण न करने, जिन टोल बैरियर की समय अवधि समाप्त हो चुकी हो उनसे वसूली बंद करने, व्यापारियों को स्वास्थ्य बीमा योजना से जोड़ते हुए आयुष्मान कार्ड का लाभ दिलाने, व्यापारी की दुकान के क्षतिग्रस्त या जलने पर उसको मुख्यमंत्री सहायता कोष से राहत दिलाने और यूपीआइ से व्यापारी द्वारा लिए गये भुगतान पर ईडी/ बैंक्स द्वारा खाते बंद न किए जाने की मांग की गई है।
इस दौरान प्रमुख रूप से देवेश गुप्ता, महिला व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष कुमकुम गुप्ता, रश्मि महेंद्र, पंकज मित्तल, ऋषि सोनी, फहीम खान, मोहम्मद इलियास, राजापुर मंडी से मंडी अध्यक्ष समी प्रधान, राजेंद्र सिंह, हजारी लाल मौर्य, दिनेश गुप्ता, जावेद अहमद, सोहेब, रमाशंकर जायसवाल, चंदू, शीबू, अतीक आदि रहे।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: प्रेमी ने गमछे से गला घोंटकर की महिला की हत्या, गिरफ्तार
