Bareilly: आपस में लड़ते-लड़ते अचानक युवक पर टूट पड़े सांड, सींग से उठाकर गहरे नाले में फेंका, दर्दनाक मौत
बरेली, अमृत विचार : शहर में सड़कों पर छुट्टा पशुओं की अनदेखी सोमवार शाम हरूनगला में ठेला लगाकर मूंगफली बेचने वाले 29 वर्षीय कीरत की जिंदगी पर भारी पड़ गई। आपस में लड़ रहे दो सांडों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और कई बार उठाकर पटकने के बाद सड़क किनारे गहरे नाले में फेंक दिया। परिजन कीरत को नाले से निकालकर अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उनकी मौत हो गई।
हरूनगला के ही जाटव मोहल्ले में रहने वाले कीरत सब्जीमंडी के पास मूंगफली का ठेला लगाते थे। सोमवार दोपहर दो बजे वह घर से अपना ठेला लेकर निकले थे। रात करीब 8.30 बजे दो सांडों ने उनके ठेले के पास सड़क पर आपस में लड़ना शुरू कर दिया। सड़क चलते लोगों ने शोर मचाया तो सांड लड़ते हुए कीरत के ठेले की ओर पहुंच गए। कीरत ने ठेला हटाने की कोशिश की लेकिन इसी बीच सांडों ने उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक सांडों ने कीरत को उठाकर कई बार पटका, इसके बाद एक सांड़ ने उन्हें सींगों पर उठाकर सड़क किनारे नाले में फेंक दिया।
इस घटना से सड़क पर भगदड़ मच गई। कुछ लोगों ने शोर मचाकर जैसे-तैसे सांड़ों को हटाया। इसके बाद कीरत को नाले से निकाला गया। इस बीच उनके परिजन भी पहुंच गए। फौरन उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पिता जमुना प्रसाद ने बताया कि कीरत उनके तीन बेटों में सबसे छोटे थे। उनसे बड़े दोनों बेटे मैकूलाल और प्रेमपाल राजमिस्त्री हैं। कीरत के परिवार में पत्नी उर्मिला के अलावा बेटा मन्नू और बेटी श्रद्धा है।
यह भी पढ़ें- बरेली: सौतेले भाई ने पेट्रोल पंप संचालक को गिरा-गिराकर पीटा...देखिए वायरल वीडियो
