न्यूजीलैंड की Amelia Kerr ने रचा इतिहास, ICC का सबसे बड़ा अवॉर्ड जीतने वाली अपने देश की पहली क्रिकेटर बनीं
दुबई। न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर एमेलिया केर ने मंगलवार को प्रतिष्ठित राशेल हेहोई फ्लिंट ट्रॉफी (Rachael Heyhoe Flint Trophy ) पाने वाली अपने देश की पहली क्रिकेटर बनकर इतिहास रच दिया है। एमेलिया केर 2024 में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर (ICC Women's Cricketer of the Year) चुना गया।
24 साल की एमेलिया ने लॉरा वोलवार्ट, चामरी अटापट्टू और अनाबेल सदरलैंड जैसी स्टार खिलाड़ियों को पीछे छोड़कर महिला क्रिकेट का शीर्ष सम्मान हासिल किया। अमेलिया ना केवल राशेल हेहोई फ्लिंट ट्रॉफी जीतने वाली न्यूजीलैंड की पहली खिलाड़ी हैं, बल्कि किसी भी श्रेणी में आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला क्रिकेटर बनने वाली अपने देश की पहली खिलाड़ी भी हैं।
After a stellar 2024, capped off by a #T20WorldCup triumph, Melie Kerr wins the Rachael Heyhoe Flint Award as ICC Women's Cricketer of the Year 👏 pic.twitter.com/4Ayf15zRij
— ICC (@ICC) January 28, 2025
पूरे साल के दौरान अमेलिया ने खेल के हर विभाग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विश्व स्तरीय ऑलराउंडर के रूप में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उनके बेहतरीन क्षेत्ररक्षण ने न्यूजीलैंड को कई मौकों पर मुश्किल से उबारा जबकि लेग स्पिनर के रूप में उनके कौशल ने उन्हें दुनिया की सबसे खतरनाक गेंदबाजों में से एक के रूप में स्थापित किया।
अमेलिया ने कई मौकों पर गेंद से अपनी टीम के लिए मैच विजेता की भूमिका निभाई। बल्ले से वह न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी क्रम का अहम हिस्सा रहीं। एमेलिया केर ने शीर्ष क्रम की अच्छी शुरुआत का फायदा भी उठाया और शीर्ष क्रम के लड़खड़ाने पर पारी को संभालने में भी सक्षम रहीं। पहली बार 2017 में शुरू की गई राशेल हेहोई फ्लिंट ट्रॉफी को अमेलिया से पहले सिर्फ तीन खिलाड़ियों को दिया गया है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया की एलिस पैरी, भारत की स्मृति मंधाना और इंग्लैंड की नैट स्काइवर-ब्रंट शामिल हैं। इन तीनों ने दो-दो बार यह पुरस्कार जीता है।
ये भी पढे़ं : जसप्रीत बुमराह ने रचा इतिहास, ICC ने साल 2024 का टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना, बोले-मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं
