Jalaun में पुलिस व चोर के बीच मुठभेड़: शातिर के पैर में लगी गोली...गिरफ्तार, सुनसान इलाके में छिपाकर रखी बाइकें बरामद
जालाैन, अमृत विचार। जालौन में पुलिस व बाइक चोर के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पैर में गोली लगने से शातिर घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीम की बाइक चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से एक शातिर चोर घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।सूचना मिलते ही एसपी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
शहर कोतवाली पुलिस व एसओजी को सूचना मिली कि फैक्ट्री एरिया में बाइकों को चोरी करने के बाद उन्हें काटा जा रहा है। इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजय ब्रह्म तिवारी, एसओजी के प्रभारी सतीश कुशवाहा टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। जहां उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र गेट नंबर 2 पर जाकर जांच की।
जहां टीम ने टॉर्च जलाकर देखा तो बाइक को चोर काट रहे थे। चोरों ने पुलिस को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिस टीम बाल बाल बच गई। जिस पर पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें वहां मौजूद एक चोर के पैर में गोली लग गई, जबकि अन्य लोग भाग गए। घायल अवस्था में देखते हुए पुलिस ने चोर को पकड़कर तत्काल उसे इलाज के लिए अस्पताल भर्ती कराया।
पूछताछ के दौरान चोर ने अपना नाम नीरज पुत्र राम प्रसाद बेड़िया निवासी रिठारी थाना कुरारा जिला हमीरपुर बताया। पुलिस ने उसकी निशान देही पर फैक्ट्री एरिया से 15 चोरी की बाइकें और एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा और बाइकों को खोलने व काटने के उपकरण भी बरामद किए हैं।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर दुर्गेश कुमार क्षेत्राधिकारी अर्चना सिंह के साथ मौके पर पहुंचे। जिन्होंने मौका मौका-मुआयना किया साथ ही घटनास्थल को भी देखा।
इस दौरान एसपी ने बताया कि जिस बदमाश से मुठभेड़ हुई है उसके खिलाफ 13 आपराधिक मामले अलग-अलग थाना क्षेत्र में दर्ज है। उन्होंने बताया कि विगत दिनों कई चोरी की सूचना आई थी। जिसके बाद लगातार पुलिस द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा था।
ये भी पढ़ें- कानपुर में DM ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में की जनसुनवाई: पीड़ित बोला- दबंगों ने जमीन पर किया कब्जा, लेखपाल दौड़ा रहे...
