पीलीभीत: अलग-अलग जगह होटल के वेटर और युवती का शव मिलने से हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। शहर में अलग-अलग स्थानों पर संदिग्ध परिस्थितियों में दो लोगों की मौत हो गई। घर से निकलने के कुछ देर बाद युवती का शव टनकपुर हाईवे से सटे तालाब में उतराता मिला। वहीं मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। वहीं, एक होटल के वेटर की लाश उसके किराए के मकान में फंदे से लटकी मिली। एक-एक कर मिली घटनाओं की सूचना पर संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। प्रथम दृष्टया दोनों ही मामले खुदकुशी की ओर इशारा कर गए। फिलहाल पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 
पहली घटना टनकपुर हाईवे पर गौहनिया चौराहा के पास की है। बुधवार सुबह रोज की तरह चहलकदमी हो रही थी। इस बीच राहगीरों की नजर गौहनिया तालाब में उतरा रहे युवती के शव पर पड़ी। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।  कोतवाल राजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई। शव को तालाब से बाहर निकाला गया। शरीर पर किसी तरह का कोई चोट का निशान नहीं था। पुलिस ने स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया की मदद ली। जिसके बाद मृतका की शिनाख्त शहर के मोहल्ला नई बस्ती निवासी स्वर्गीय शंभू दयाल मिश्रा की 25 वर्षीय पुत्री मृदुला उर्फ रोली मिश्रा के रूप में हुई। जानकारी मिलने पर परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। उनका रोकर बुरा हाल रहा। हालांकि किसी तरह का कोई आरोप परिवार की ओर से नहीं लगाया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 
इधर, दूसरी घटना सुनगढ़ी क्षेत्र में हुई। मूल रुप से बागेश्वर (उत्तराखंड) क्षेत्र के ग्राम सतपुली के निवासी 25 वर्षीय तरुण सिंह पुत्र खीम सिंह शहर के एक होटल में वेटर की नौकरी करते थे। वह वर्तमान में नौगवां चौराहा के पास किराए के मकान में रहते थे। बुधवार सुबह काफी देर बाद भी जब वह बाहर नहीं निकले और आसपास के लोगों के आवाज देने पर भी प्रतिक्रिया नहीं हुई तो लोगों को अनहोनी का शक हुआ। 

कुछ ही देर में काफी लोग जमा हो गए। पड़ोसियों ने किसी तरह कमरे में देखा तो तरुण का शव फंदे से लटका हुआ था। इसकी सूचना मिलने पर सुनगढ़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी जुटाई। इस दौरान पता चला कि मंगलवार रात को वह ड्यूटी निपटाकर घर पहुंचा था। इसके बाद खुदकुशी करने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ये भी पढ़ें - पीलीभीत: पीटीआर में सफारी वाहनों के चालान मामले की अब फील्ड डायरेक्टर ने भी ली जानकारी

संबंधित समाचार