सीमाओं पर रोके गए वाहन, भूखप्यास से बिलबिलाए श्रद्धालु: प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ के बाद तीर्थक्षेत्र का हाल
चित्रकूट, अमृत विचार। प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार देर रात हुई भगदड़ के बाद तीर्थक्षेत्र में भी व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। प्रशासन ने अहतियातन भरतकूप एक्सप्रेस-वे और मऊ के पास हाईवे पर मुरका सीमा पर वाहनों को रोक दिया। वाहनों के खड़े होने से कई किमी का जाम लग गया। इससे तीर्थयात्री बुरी तरह प्रभावित हो गए। मायूस लोगों ने वहीं वाहनों के आसपास डेरा डाल दिया। खानपान और अन्य अव्यवस्थाओं से भी लोग जमकर नाराज दिखे।
मौनी अमावस्या पर प्रयागराज में अमृत स्नान के पूर्व मची भगदड़ से तीर्थक्षेत्र में भी मायूसी का माहौल है। घटना के बाद से प्रशासन ने अहतियातन भरतकूप के पास बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और मऊ के पास मुरका बार्डर पर वाहनों को रोक दिया। देवांगना के पास भी सैकड़ों चारपहिया वाहन रोक दिए गए। इनमें बसें भी शामिल थीं।
मप्र सीमांतर्गत मझगवां में पुलिस ने पिंडरा तिराहे को सील कर दिया। चित्रकूट मार्ग पर आवाजाही रोक दी गई और प्रयागराज जाने वाले वाहनों को बरौंधा रोड से होकर जाने की छूट दी गई। अचानक हुई कार्रवाई से श्रद्धालु सकते में आ गए। लोगों ने एक दूसरे से जानकारी की और जब पता चला कि प्रयागराज में भगदड़ की बड़ी घटना हो गई है तो इनमें मायूसी छाती चली गई।
प्रयागराज जा पाएंगे कि नहीं, एक दूसरे से लोग पूछने लगे। हालांकि घंटा-आध घंटे में यह बात तो साफ हो गई कि फिलहाल वे लोग वाहनों से प्रयागराज नहीं जा पाएंगे। बुधवार अपराह्न लगभग चार बजे एक्सप्रेसवे से वाहनों की आवाजाही को अनुमति दी गई।
तमाम लोग पैदल ही चल दिए
ऐसे में तमाम लोगों ने पैदल ही आगे जाने का फैसला कर लिया। दूरदराज से आए लोगों का कहना था कि जब हजार किमी दूर से यहां तक पहुंच गए हैं तो फिर पचास-साठ किमी पैदल यात्रा ही सही। रात तक तो पहुंच जाएंगे।
कई किमी तक लग गया जाम
भरतकूप संवाददाता के अनुसार, जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रोक दिया। इसके बाद लगभग दस घंटे तक वाहन खड़े रहे। लगभग 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
पुलिस उपमहानिरीक्षक अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बरगढ़ स्थित होर्डिंग एरिया एवं भरतकूप एक्सप्रेसवे के पास भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षाकर्मियों को निर्देशित किया कि सतर्क होकर ड्यूटी करें कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न होने पाए।
काली घाटी में पिकप पलटने से कई श्रद्धालु घायल
काली घाटी पार्क के पास देर रात पिकप पलटने से प्रयागराज जा रहे 11 श्रद्धालु घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक मप्र के सागर जिले के बंडा गांव निवासी 28 श्रद्धालु पिकप से महाकुंभ मेला जा रहे थे। काली घाटी के पास वाहन पलटने से 11 लोग घायल हो गए। इसमें से बिरन पुत्र भगवान सिंह के सिर में ज्यादा चोट आई, जिसे रिफर कर दिया गया। बाकी का इलाज मानिकपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। घायलों में चार महिलाएं और सात पुरुष हैं।
ये भी पढ़ें- Kanpur में बारूद से विस्फोटों की जांच पड़ी ठंडी, गईं थीं तीन जान, अब तक नहीं हो सका खुलासा
