प्रवेश के लिए बरेली कॉलेज में उमड़े विद्यार्थी
अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में दिवाली की छुट्टियों के बाद एलएलबी, एमकॉम समेत एमए के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काफी संख्या में विद्यार्थी पहुंच गए। एक साथ विद्यार्थियों के पहुंचने से प्राचार्य दफ्तर से लेकर विभागों में भारी भीड़ जमा हो गई। 23 नवंबर से भौतिक कक्षाएं चालू होंगी। ऐसे में कोरोना …
अमृत विचार, बरेली। बरेली कॉलेज में दिवाली की छुट्टियों के बाद एलएलबी, एमकॉम समेत एमए के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काफी संख्या में विद्यार्थी पहुंच गए। एक साथ विद्यार्थियों के पहुंचने से प्राचार्य दफ्तर से लेकर विभागों में भारी भीड़ जमा हो गई। 23 नवंबर से भौतिक कक्षाएं चालू होंगी। ऐसे में कोरोना नियमों का पालन कराना बरेली कॉलेज प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगा।
बरेली कॉलेज में गुरुवार को एलएलबी और एमकॉम की दूसरी मेरिट में आए विद्यार्थियों के प्रवेश लिए गए। दूसरी मेरिट में सामान्य के साथ अति पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति समेत अन्य उपवर्गों के भी विद्यार्थियों को बुलाया गया था। सभी को 19 और 20 नवंबर को ही प्रवेश लेना है जिसकी वजह से काफी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश के लिए पहुंच गए। एमए के कुछ पाठ्यक्रमों की मेरिट भी पहले जारी हो चुकी है। इसके अलावा जिन पाठ्यक्रमों में कम आवेदन आए थे उनके भी प्रवेश लिए जा रहे हैं। दिवाली से पहले कम संख्या में विद्यार्थी आए थे लेकिन गुरुवार को सभी विभागों में चहल-पहल दिखी। वाणिज्य, एलएलबी, इतिहास, अंग्रेजी, भूगोल और अन्य विभागों में काफी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश के लिए पहुंचे।
प्रवेश में परेशानी हो तो ग्रीवांस सेल में करें संपर्क
एलएलबी में अब तक सबसे ज्यादा प्रवेश हो चुके हैं। पहली मेरिट में दो दिनों में 91 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया था। दूसरी मेरिट में गुरुवार को 116 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। इसी तरह से पहली मेरिट में एमकॉम में जितने प्रवेश तीन दिनों में हुए थे, उतने प्रवेश दूसरी मेरिट में एक ही दिन में हो गए। अन्य विषयों में भी पहले की अपेक्षा अधिक विद्यार्थी प्रवेश के लिए पहुंचे। विश्वविद्यालय ने 24 नवंबर तक परास्नातक में प्रवेश की प्रक्रिया को पूरी करने के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत बरेली कॉलेज उससे एक दिन पहले तक ही सभी प्रवेश कराना चाहता है। प्रवेश के दौरान अंकपत्रों, प्रमाण पत्रों को लेकर कई शिकायतें भी आ रही हैं। गुरुवार को भी आधा दर्जन शिकायतें आयीं जिन्हें ग्रीवांस सेल में भेज दिया गया है। प्रवेश समन्वयक डॉ. वीपी सिंह का कहना है कि विद्यार्थी को प्रवेश के दौरान किसी भी तरह की समस्या आ रही है तो ग्रीवांस सेल में संपर्क करें। उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
ईडब्ल्यूएस कोटे की आज जारी होगी मेरिट लिस्ट
एलएलबी में ईडब्ल्यूएस कोटे की मेरिट लिस्ट शुक्रवार को जारी की जाएगी। ईडब्ल्यूएस कोटे में प्रवेश के लिए 60 से अधिक आवेदन आए हैं जबकि इस कोटे की 32 सीटें हैं। इस कोटे में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को दो दिनों में प्रमाण पत्र जमा करने का एक और मौका दिया गया था। प्रवेश समन्वयक ने इस संबंध में गुरुवार को बैठक की। बता दें कि इस कोटे के तहत कई विद्यार्थी प्रवेश लेना चाह रहे हैं। इसके लिए फर्जी प्रमाण पत्र बनाकर प्रवेश दिलाने के बहाने ठगी के प्रयास की शिकायत भी आयी थी लेकिन लिखित शिकायत न मिलने पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।
एमए पाठ्यक्रमों में प्रवेश का एक और मौका
एमए के कई ऐसे पाठ्यक्रम हैं जिनमें विद्यार्थी प्रवेश ही नहीं ले रहे हैं। इनमें सीटों की संख्या से काफी कम ही आवेदन आए थे। प्रवेश लेने भी विद्यार्थी नहीं पहुंच रहे हैं। इसकी वजह से कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधाओं की बात कहते हुए सीटें भरने के लिए एक और मौका दिया है। अभ्यर्थी 20 और 21 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 2 बजे तक महाविद्यालय में संबंधित विभागों में पहुंचकर प्रवेश ले सकते हैं। यह विद्यार्थियों के लिए अंतिम अवसर है। इसके बाद सीटें लॉक कर दी जाएंगी।
