बरेली: पंचायत चुनाव से पहले बिछने लगी झगड़ों की बिसात
बरेली/रिछा,अमृत विचार। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीखों की अभी घोषणा नहीं हुई है लेकिन चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशियों ने बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। झगड़ा चाहे परिवार में हो या फिर पड़ोसी में, झगड़े की वजह चाहे जमीन की हो या फिर नाली या रास्ते की। सभी को चुनाव से जोड़ दिया …
बरेली/रिछा,अमृत विचार। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तारीखों की अभी घोषणा नहीं हुई है लेकिन चुनाव जीतने के लिए प्रत्याशियों ने बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। झगड़ा चाहे परिवार में हो या फिर पड़ोसी में, झगड़े की वजह चाहे जमीन की हो या फिर नाली या रास्ते की। सभी को चुनाव से जोड़ दिया जा रहा है। झगड़े में एक पक्ष की ओर से कोई प्रत्याशी आ रहा है तो दूसरी ओर से कोई प्रत्याशी आ रहा है और सहानुभूति या मदद के बहाने उसे अपनी ओर करने की कोशिश कर रहा है। यही वजह है कि अब पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। बुधवार रात एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने भी सभी थाना प्रभारियों को पंचायत चुनाव को लेकर सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। उन्होंने मामूली झगड़े में भी तुरंत एक्शन लेने के आदेश दिए हैं ताकि झगड़े को बड़ा रूप देकर चुनावी फायदा न उठाया जा सके।
कुछ दिनों पहले बालीपुर गांव में दो पक्षों में चुनाव को लेकर ही विवाद हो गया था। अंगूरी गांव में भी मामूली झगड़े को चुनाव से जोड़ा गया था। इसी तरह के मामले अब सभी थानों में आने शुरू हो गए हैं। यहां तक कि झूठे आरोप भी लगाए जा रहे हैं, जिसमें रेप व छेड़छाड़ के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। इसी के चलते एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वह सभी गांवों में अवैध शराब व असामाजिक तत्वों, चोरी, लूट आदि पर विशेष नजर रखकर गांव-गांव जाकर लोगों के साथ बैठ करें। लोगों को जागरूक करें कि लोग पुलिस का विशेष सहयोग करें। अगर गांव में कोई असामाजिक तत्व रह रहा है तो पुलिस को सूचना करें। जिससे अपराधों पर अंकुश लग सके। पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस की चप्पे-चप्पे पर नजर रहेगी। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियो को निर्देशित किया है कि पंचायत चुनाव में शराब की बिक्री अधिक होती है। ठेका देशी शराब की दुकानो का सत्यापन किया जाएगा, कि उनकी दिन भर में कितनी शराब बिकती है। कोटे से ज्यादा प्रत्येक दुकान को शराब न दी जाए। गुरूवार को थाना देवरनियां में कोतवाल दयाशंकर ने सभी दरोगाओ व कांस्टेबलो व महिला पुलिस के साथ बैठकर एक मीटिंग की। जिसमें एसएसपी के निर्देशों का पालन करने के लिए कहा गया। इसके अलावा भी कुछ थानों में मीटिंग आयोजित की गई।
भूमि विवाद भी करें चिन्हित
पंचायत चुनाव के दौरान गांवों में भूमि के विवाद भी होते हैं। इन विवादों पर सतर्कता प्रशासन ने बरतनी शुरू कर दी है। एसडीएम सदर ने तहसील के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी गांवों में उन विवादों को चिन्हित कर लिया जाए, जिनकी वजह से कोई अप्रिय घटना घटित होने की आशंका हो। एसडीएम ने सभी थाना प्रभारियों से सभी ग्राम पंचायतों से विवादित भूमि का विवरण, पक्षकारों का नाम व पता, विवाद के संबंध में पूर्व में अभियोजन की स्थिति व अन्य विवरण एक सप्ताह में मांगा है।
