जालौन में दो लोगों के मिले शव: एक का जला हुआ, दूसरे के पास मिला सल्फास, लोगों में फैली सनसनी...
जालौन, अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर जंगल में दो व्यक्तियों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे एएसपी ने घटना का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं देखते ही देखते लोगों की भारी भीड़ लग गई।
कालपी कोतवाली क्षेत्र के जोल्हुपुर जंगल में सौ मीटर के दायरे में पड़े दो शवों को देखकर चरवाहों में अफरातफरी मच गई और उन्होंने मामले की सूचना गांव वालों को दी।
खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और उन्होंने जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक नागेन्द्र पाठक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और उन्होंने शवों को कब्जे में लेने के बाद मामले की जानकारी उच्चधिकारियों को दी। खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई और उन्होंने जानकारी पुलिस को दी।
एएसपी प्रदीप कुमार फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान वहां एक अधजला शव और दूसरे शव के पास से सल्फास नामक जहरीली दवा बरामद हुई है। जिससे प्राथमिक तौर पर आत्महत्या का अनुमान लगाया जा रहा है।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अभी तक दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है, फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और शवों की शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।
