Lucknow News : बंथरा थाने के सरकारी क्वार्टर में सिपाही ने की खुदकुशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार : बंथरा थाने में बने सरकारी क्वार्टर में रविवार को पत्नी को कमरे में बंद कर सिपाही अजय सैनी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी ने खिड़की से शोर मचाया तो पड़ोसी महिला सिपाही ने दरवाजा खोला। बंथरा पुलिस ने सिपाही को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसीपी कृष्णानगर सौम्या पांडेय ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है।

मूल रूप से बिजनौर जिले के नहटौर निवासी 2019 बैच का सिपाही अजय सैनी (27) अपनी पत्नी काजल व ढाई माह की बच्ची के साथ बंथरा थाने के सरकारी क्वार्टर में रहता था। सरोजनीनगर थाने में तैनात अजय वर्तमान में कृष्णानगर एसीपी कार्यालय में संबद्ध था। रविवार को उसकी छुट्टी थी। इस वजह से वह पत्नी और बच्ची के साथ सरकारी क्वार्टर में ही था।दोपहर करीब 2 बजे अजय सैनी का किसी बात को लेकर पत्नी काजल से विवाद हो गया। इसपर अजय ने पत्नी को कमरे के अंदर बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी। फिर बरामदे में दुपट्टे से फंदा लगा लिया। काजल ने खिड़की से पति को लटका देखा तो शीशा तोड़कर शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोस में रहने वाली बंथरा थाने की महिला सिपाही ने अजय के आवास का मेन गेट खोलकर पहुंची तो अजय को जमीन पर अचेत हालत में पड़ा देखा।

उसके गले में दुपट्टा बंधा था। महिला सिपाही ने कमरे की कुंडी खोली, तब काजल बाहर निकली। सूचना पर इंस्पेक्टर बंथरा राम सिंह मौके पर पहुंचे। आनन-फानन सिपाही अजय को लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया। फिर वहां से अपोलो हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई। एसीपी कृष्णा नगर सौम्या पांडेय ने बताया कि मृतक सिपाही के परिजन को गांव में सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- Lucknow News : लखनऊ मेट्रो सेवा की एक लाइन ठप, सैकड़ों यात्री परेशान, तकनीकी खराबी बनी वजह

संबंधित समाचार