Bareilly: छावनी क्षेत्र में अधिक किराये के प्रस्ताव के किया विरोध प्रदर्शन, लोगों ने की ये मांग

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

कैंट, अमृत विचार : छावनी परिषद क्षेत्र की दुकानों और आवासों के किराए में 10 गुना से अधिक की बढ़ोत्तरी के प्रस्ताव से नाराज व्यापारियों और किराएदारों ने रविवार को बीआई बाजार में गांधी चौराहे पर विरोध-प्रदर्शन किया। छावनी परिषद ने पिछले माह किराया बढ़ाने का प्रस्ताव पेश कर आपत्तियां मांगी थीं। व्यापारियों और किराएदारों ने आपत्तियां कीं लेकिन मुख्य अधिशासी अधिकारी ने अपना निर्णय वापस नहीं लिया।

कैंट व्यापार मंडल के प्रतिनिधि केएल गेरा, दिनेश कुमार ठकराल के नेतृत्व में व्यापारी और किरायेदार बीआई बाजार के गांधी चौराहे पर एकत्र हुए और विरोध करते हुए रक्षा मंत्री को संबोधित ज्ञापन सांसद छत्रपाल गंगवार को देने के लिए छावनी परिषद के नामित सदस्य डॉ. वैभव जायसवाल को सौंपा।

ज्ञापन में छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी रविंद्र पर मनमाने ढंग से किराए में 10 गुना से अधिक बढ़ोतरी करने का आरोप लगाया है। व्यापारियों को अब 8 फरवरी को होने वाली बोर्ड बैठक में ही सुनवाई की उम्मीद है। कुछ व्यापारियों का कहना है कि वह सात- आठ दशक से दुकानों में व्यापार कर रहे हैं।

व्यापार मंडल के दिनेश कुमार ठकराल ने कहा कि यदि बढ़े हुए किराये का प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया, तो सदर बाजार, बड़ा बाजार, बीआई बाजार समेत छावनी क्षेत्र के सभी बाजार बंद कर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान दिनेश कुमार ठकराल, शशिकांत जायसवाल (पूर्व उपाध्यक्ष कैंटोनमेंट बोर्ड), मदन सिंह बिष्ट, इमरान खान उर्फ काशिफ, इकबाल कुरैशी, अंकित गेरा, आरएल सतीजा, अजय मिश्रा आदि मौजूद रहे। इस विषय में मुख्य अधिशासी अधिकारी रविंद्र का पक्ष जानने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा।

इस तरह बढ़ेगा किराया
छावनी परिषद ने मासिक किराए में 10 गुना से अधिक की बढ़ोत्तरी करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इसके अलावा केमिस्ट के किराए में 50 गुना से अधिक और डॉक्टर्स के किराए में करीब 15 गुना बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा है। ऐसे में केमिस्ट का किराया 682 रुपये की जगह 30 हजार रुपये, डॉक्टर्स का किराया 682 रुपये के स्थान पर 10 हजार और अन्य जैसे कारपेंटर, किराना वालों का 686 के स्थान पर पांच हजार रुपये किराया हो जाएगा।

यह भी पढ़ें- आम बजट को लेकर क्या बोले बरेली के व्यापारी? जानें उनकी प्रतिक्रिया

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज