कानपुरवासियों के लिए खुशखबरी: प्रदेश सरकार ने लंबी दूरी के लिए एसी लग्जरी स्लीपर बसें चलाने का लिया फैसला...
प्राइवेट लग्जरी बसों से प्रतिस्पर्धा में जल्द आने वाली हैं खूबसूरत बसें
कानपुर, अमृत विचार। शहरवासियों के लिये खुशखबरी है। प्रदेश सरकार ने लंबी दूरी के लिए एसी लग्जरी स्लीपर बसें चलाने का फैसला लिया है, जिसके लिए पहली बस इसी माह या अगले माह के पहले सप्ताह में मिल जाएगी। प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम कानपुर परिक्षेत्र के विकास नगर में एसी बसों का डिपो है।
इस डिपो के पास वर्तमान में 45 जनरथ एसी बसें हैं जिन्हें विभिन्न मार्गों पर लगाया गया है। अधिकांश एसी जनरथ बसों को महाकुंभ के लिए लगाया गया। कुछ वर्ष पूर्व लखनऊ से दिल्ली, आगरा के लिए वाल्वो लग्जरी बसें चलाई गई थीं जो झकरकटी बस अड्डा होकर चलती थीं। हालत ये थी कि इन बसों में सीटें नहीं मिलती थीं लेकिन ये बसें बंद हो गयीं। ये सीट वाली ही बसें थी। स्लीपर बसें सिर्फ प्राइवेट ही चलती हैं।
अभी दिल्ली वाराणसी तक चलती सीट वाली एसी बसें
विकास नगर डिपो में एसी जनरथ सीट वाली बसों का रखरखाव होता है। यहीं से विभिन्न जिलों के लिए बसों का संचालन होता है। सीट वाली बसें होने के कारण ये जनरथ बसें वाराणसी, गोरखपुर, दिल्ली से आगे नहीं जाती हैं लेकिन लग्जरी एसी स्लीपर बसें आने के बाद इनको बालाजी, इंदौर, जयपुर समेत अन्य लंबी दूरी तक लगाया जाएगा।
परिवहन कानपुर परिक्षेत्र की स्थिति
- कुल बसों की संख्या 661
- पहले एसी सीट बसें 110
- अब एसी बसों की संख्या 45
- महाकुंभ में लगी 30
- एसी स्लीपर बसें शून्य
- संभावित एसी स्लीपर 10
परिवहन को जल्द ही एसी स्लीपर बसें मिलने वाली हैं, ट्रायल के तौर पर पहले एक खूबसूरत लग्जरी स्लीपर बस आएगी। उसके बाद जरूरत के हिसाब से एसी स्लीपर बसें आएंगी और इन्हें लंबी दूरी पर लगाया जाएगा।- राम लवट, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, विकास नगर डिपो
ये भी पढ़ें- कानपुर में लेडीज सूट का कारोबार करने वाले एक व्यापारी ने कारोबारी से 27.44 लाख हड़पे: काेर्ट के आदेश के बाद FIR दर्ज
