पीलीभीत: झोलाछाप ने ली आठ माह के मासूम की जान, कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गजरौला, अमृत विचार: झोलाछाप के गलत इलाज ने एक और जान ले ली। आठ माह के मासूम की मौत के बाद गजरौला क्षेत्र के एक झोलाछाप पर गलत इलाज करने का आरोप लगा है। गजरौला पुलिस शव पोस्टमार्टम को भेज जांच में जुट गई है। मृतक के परिजन ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर दी है। 

गजरौला थाना क्षेत्र के पिपरिया भजा गांव के निवासी अजयपाल खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके आठ माह के पुत्र अंश की दो दिन पहले अचानक तबियत खराब हो गई। इस पर वह गांव के ही एक झोलाछाप के पास बच्चे को दिखाने गए। बेटे को उल्टी और दर्द की शिकायत थी। झोलाछाप ने उन्हें सीरप और दवाएं दे दी। आरोप है कि झोलाछाप द्वारा दी गई दवा का सेवन करने के बाद स्वास्थ्य में सुधार होने के बजाय तबीयत और बिगड़ने लगी। 

परिवार वाले परेशान हो गए। फिर आनन-फानन में बच्चे को मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां बच्चे को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिवार वालों ने झोलाछाप के गलत दवा देने से मौत होने का आरोप लगाया। इसकी सूचना मिलने पर गजरौला पुलिस अस्पताल पहुंची और पूरे मामले की जानकारी जुटाई। परिजन ने झोलाछाप के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।  पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: विवादित टिप्पणी के बाद भिड़े दो पक्ष, धार्मिक स्थल की जमीन को लेकर है पुराना विवाद. दौड़ी पुलिस

संबंधित समाचार