मुरादाबाद : जोन व्यवस्था को लेकर ई-रिक्शा चालकों ने किया विरोध-प्रदर्शन, बोले-उत्पीड़न बंद हो
मुरादाबाद, अमृत विचार। जीविका बचाओ आंदोलन समिति के बैनर तले ई-रिक्शा चालकों ने ट्रैफिक पुलिस द्वारा लागू की गई जोन व्यवस्था के विरोध में आंबेडकर पार्क से जुलूस निकालकर डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। ई रिक्शा चालकों ने जोन व्यवस्था समाप्त करने की मांग की है। ई रिक्शा चालकों ने जोन व्यवस्था के विरोध में उप जिलाधिकारी सदर को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।

सोमवार को महानगर के ई रिक्शा चालक आंबेडकर पार्क में एकत्र हुए, जहां से उन्होंने शहर में ई रिक्शा को लेकर यातायात पुलिस द्वारा लागू की गई जोन व्यवस्था का विरोध किया। यातायात पुलिस की मनमानी और जोन व्यवस्था के विरोध में ई रिक्शा चालकों ने नारेबाजी करते हुए आंबेडकर पार्क से कलेक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। जहां उन्होंने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी अनुज कुमार के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा। ई रिक्शा चालकों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में चालकों ने शहर में ई-रिक्शा के लिए लागू की गई जोन व्यवस्था का विरोध किया। यातायात पुलिस द्वारा ई रिक्शा चालकों के काटे गए चालान को उनका उत्पीड़न करना बताया है।

ई रिक्शा चालकों का नेतृत्व कर रहे हरकिशोर ने कहा कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के नाम पर शहर में जोन व्यवस्था के लिए जारी किए गए फरमान को समाप्त किया जाए। जिससे अपनी रोजी-रोटी कमा रहे गरीब ई रिक्शा चालकों का उत्पीड़न बंद हो सके। इसके साथ उन्होंने जोन व्यवस्था समाप्त न किए जाने की स्थिति में 11 फरवरी को रिक्शा चालकों की आंबेडकर पार्क में एक बड़ी सभा करने का भी ऐलान किया है। प्रदर्शनकारियों में रिजवान, सलीम भाई, बाबू, मोहम्मद, वीर सिंह, राजीव सिंह, अली मोहम्मद, मोहम्मद नसीम समेत बड़ी संख्या में लोग ई रिक्शा चालक मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : डिलारी में प्रेमी युगल की बेरहमी से पिटाई, युवक की मौत...युवती की हालत नाजुक
