मुरादाबाद : डिलारी में प्रेमी युगल की बेरहमी से पिटाई, युवक की मौत...युवती की हालत नाजुक
मुरादाबाद। डिलारी इलाके में युवक-युवती की बेरहमी से की गई पिटाई में घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि युवती को हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने युवती के पिता को हिरासत में ले लिया है। मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
थाना डिलारी इलाके के दोलावाला में उस समय हड़कंप मच गया जब वही के रहने वाले रोहित नाम के युवक की कुछ लोगों ने लोहे की रॉड से बेरहमी के साथ पिटाई कर दी। सूत्रों के अनुसार रोहित और प्राची नाम की युवती का प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिससे युवती के परिजन खफा थे। रात में प्रेमी युगल को साथ पाकर युवती के परिजनों ने दोनों की जबरदस्त पिटाई कर दी। घायल रोहित ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि प्राची को इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है।
युवक की मौत की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवती के आरोपी पिता जसवंत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। रोहित की बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना में मृतक रोहित के परिजनों का युवती से प्रेम सम्बन्धों को नकार दिया है। वहीं मुरादाबाद पुलिस इस घटना को गम्भीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच करने में जुटी हुई है।
ये भी पढे़ं : मुरादाबाद : बजट को लेकर प्रतिक्रियाओं का सिलसिला जारी, महानगरवासियों ने कहा-बजट में सभी वर्गों का रखा ख्याल
