कासगंज: लकड़ी से भरे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, छात्र की मौत
कासगंज, अमृत विचार: अमांपुर मार्ग पर फरौली नहर के पास एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार छात्र को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। छात्र की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
सहावर क्षेत्र के गांव सैती निवासी 17 वर्षीय आजाद पुत्र बृजनंदन, जो कि हाईस्कूल का छात्र था, रविवार शाम लगभग 6 बजे अपने साथी 20 वर्षीय सौरभ पुत्र राम नारायण के साथ सहावर कस्बे से दावत खाकर लौट रहा था। फरौली नहर के पास पहुंचने पर दोनों सड़क किनारे खड़े होकर तीसरे साथी का इंतजार कर रहे थे। तभी लकड़ी से भरे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सहावर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने आजाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि सौरभ का उपचार जारी है।
आजाद के परिजनों ने बताया कि वह सहावर के श्री गांधी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था और अपनी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। उसकी मौत से उसकी मां मुन्नी देवी का बुरा हाल है।
सहावर थाना प्रभारी प्रवेश राणा ने बताया कि ट्रैक्टर और चालक पुलिस के कब्जे में हैं और पूछताछ की जा रही है। परिजनों से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- कासगंज: ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत, दो घायल
