कासगंज: ट्रक ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत, दो घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कासगंज, अमृत विचार: पटियाली रोड पर सिढ़पुरा क्षेत्र के गांव बिनामऊ के पास एक सड़क हादसा हुआ। दो बाइकों की टक्कर के बाद एक बाइक सवार सड़क पर गिर गया, तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने उसे रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य दो लोगों को अस्पताल से अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।

सहावर क्षेत्र के गांव चाड़ी निवासी 19 वर्षीय गौरव पुत्र दिनेशचंद्र और उसका साथी 19 वर्षीय शिवम पुत्र जसवीर ममोनी गांव में दावत खाकर वापस आ रहे थे। गांव बिनामऊ के पास उनकी बाइक की टक्कर 34 वर्षीय शैलेंद्र पुत्र रामसेवक निवासी थाना दरियागंज, पटियाली से हुई। टक्कर के बाद तीनों ही सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने गौरव को रौंद दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद राहगीर एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति गंभीर देख उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में गौरव को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बाकी दो घायल, शिवम और शैलेंद्र, को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।

सिढ़पुरा थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि तीनों वाहन पुलिस के कब्जे में हैं, लेकिन ट्रक चालक मौके से फरार है। मृतक के परिजनों से अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- कासगंज में इंसानियत शर्मसार, पैसों का लालच देकर दो बच्चों से किया गंदा काम


संबंधित समाचार