Moradabad : हैलो पुलिस! मैंने दो लोगों की हत्या कर दी, जल्दी आओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव में सनसनीखेज वारदात से तनाव का माहौल, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात, हत्यारोपी गिरफ्तार...दो हत्याओं की सूचना मिलने से पुलिस में हड़कंप, सीओ ठाकुरद्वारा भी तत्काल पहुंचे मौके पर

मुरादाबाद, अमृत विचार। थाना डिलारी के दौलावाला गांव में सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के आरोपी जसवंत ने बेटी और उसके प्रेमी की हत्या करने की बात स्वयं ही पुलिस को बताई थी। उसने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन मिलाकर बताया था कि उसने दो लोगों की हत्या कर दी है, जल्दी आकर उसे गिरफ्तार कर लिया जाए।

गौरतलब है कि डिलारी के दौलावाला गांव में रविवार की रात कोहराम मचा रहा। जसवंत कश्यप ने अपनी पुत्री के साथ गांव के रोहित पर लोहे की राॅड से हमला करके लहूलुहान कर दिया था। रोहित की काशीपुर के अस्पताल में मौत हो गई, जबकि युवती की हालत बेहद गंभीर है। उसका उपचार मेरठ मेडिकल कालेज में किया जा रहा है। दरअसल, ग्रामीण रात का खाना खाने के बाद टहल रहे थे और झुंड बनाकर आपसी बातचीत में लगे थे। इसी दौरान जसवंत के घर से चीख-पुकार सुनाई देने पर सभी हैरान हुए और उसके घर के आसपास पहुंच गए थे। रोहित के पिता गेंदा सिहं चौहान के मुताबिक गांव के यासीन, उनके पुत्र सौरभ, सचिन व लवकुश ने घटना को देखा है।

ग्रामीणों का कहना है कि जसवंत ने मकान का गेट अंदर से बंद कर रखा था और काफी खटखटाने पर भी उसने गेट नहीं खोला। ग्रामीणों ने उसके घर में घुसने की कोशिश की तो उन्हें भी अंजाम भुगतने की धमकी दे दी थी। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जसवंत ने दोनों को मरा जानकर पुलिस कंट्रोल रूम को फोन करके बताया कि उसने दो लोगों की हत्या कर दी है, लाशें घर में मौजूद हैं, पुलिस लाशें उठाकर ले जाए। इस सूचना पर हड़कंप मच गया और थाने से पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी। सीओ कटघर ने भी मौका मुआयना किया था। इस दौरान युवती को उपचार के लिए मेरठ व रोहित को काशीपुर के निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। पुलिस ने मौके से जसवंत को गिरफ्तार करने के बाद हत्या में प्रयुक्त लोहे की राॅड को बरामद कर लिया है। घटना की जानकारी होने पर सोमवार को एसपी ट्रैफिक सुभाष चंद्र गंगवार ने भी मौका मुआयना किया और रोहित के परिवार समेत ग्रामीणों से पूछताछ भी की है।

मामला एक ही समुदाय की अलग-अलग बिरादरी का होने के कारण गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकरी ठाकुरद्वारा अमरिंदर सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि गांव में तनाव की स्थिति को भांपते हुए एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपी जसवंत को गिरफ्तार कर लिया गया है। रोहित यूपीएससी की तैयारी भी कर रहा था। बेटे को आईपीएस अधिकारी बनाने का सपना देखने वाले गेंदा सिंह के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस का कहना है कि घायल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है तथा वेंटिलेटर पर मौत और जिंदगी से संघर्ष कर रही है।

सिर पर गहरी चोटें आने से हुई रोहित की मौत
झूठी शान के लिए ग्रामीण जसवंत के सिर पर खून सवार हो गया था। गुस्से में आगबबूला हुए जसवंत ने लोहे की राॅड से रोहित व पुत्री पर ताबड़तोड़ वार किए थे। रोहित के सिर पर गहरी चोटें आयी थी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने रोहित की मौत के कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता चला कि रोहित के शरीर पर करीब सोलह जगह लोहे की रॉड से हमला किया गया था। उसके सिर में करीब आठ-दस चोटें लगी थी जबकि एक खून आलूदा चोट माथे पर पर भी। पोस्टमार्टम में साफ हुआ कि सिर में गहरी चोट लगने से रोहित की मौत हुई है। इसके अलावा रोहित के दोनों हाथों और दोनों टांगों पर भी लोहे की राॅड लगने से जख्म हो गए थे।

ये भी पढे़ं : मुरादाबाद: स्कूल गई नाबालिग छात्रा लापता, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी

संबंधित समाचार