बहराइच : रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, आत्महत्या व हादसे पर संशय
बहराइच, अमृत विचार : जरवलरोड थाना अंतर्गत लखनऊ-गोंडा रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह एक युवक का शव पड़ा मिला। ट्रैक की मरम्मत कर रहे रेलवे कर्मचारियों ने आत्महत्या किए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि, कुछ लोग इसे हादसा बता रहे हैं तो कुछ इसे आत्महत्या की संज्ञा दे रहे है। इन दोनों ही पहलुओं पर संशय बरकरार है।
थानाध्यक्ष बृजराज प्रसाद के मुताबिक, लखनऊ- गोरखपुर डाउन रेल लाइन पर पिलर संख्या 704/ 6 के पास लखनऊ से बहराइच जाने वाले रेलवे ओवर ब्रिज के निकट कैसरगंज थाना के पवना निवासी राम नरेश (60) का शव पड़ा मिला था। सुबह करीब 11 बजे रेलवे ट्रैक को दुरूस्त कर रहे श्रमिकों ने शव को देख् फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। परिजनों ने बताया कि राम नरेश बहन से मिलने उसके घर जा रहे थे। इसी बीच उनकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
यह भी पढ़ें-जगजीवन साहेब का मना 355वां जन्मोत्सव : तपोस्थली पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब
