Kanpur में 1000 करोड़ की जमीन पर कब्जे का मामला: मास्टरमाइंड हरेंद्र मसीह और Avanish Dixit की संपत्ति चिन्हित; इस दिन से शुरू होगी जब्तीकरण की कार्रवाई
सिविल लाइंस में मैरी एंड मैरीमैन कंपाउंड की जमीन पर कब्जे का किया था प्रयास
कानपुर, अमृत विचार। कोतवाली थानाक्षेत्र में स्थित मैरी एंड मैरीमैन की 1000 करोड़ की जमीन पर कब्जे के प्रयास में जेल में बंद कानपुर प्रेसक्लब के पूर्व अध्यक्ष अवनीश दीक्षित और पूरे खेल के मास्टरमाइंड हरेंद्र मसीह की करोड़ों की संपत्ति को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है।
अभी और भी आरोपियों की संपत्तियों टीमं पता लगाने में जुटी हैं। फिलहाल जिलाधिकारी को इस संबंध में फाइल भेज दी गई है। उनकी संस्तुति के बाद पुलिस दोनों के अपराध से अर्जित की गई संपत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई शुरू करेगी।
सिविल लाइंस स्थित करोड़ों की जमीन पर 28 जुलाई 2024 को कब्जा करने का प्रयास किया गया था। जिसमें अवनीश दीक्षित, हरेंद्र मसीह समेत 13 नामजद समेत 33 लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में लेखपाल विपिन कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। वहीं, दूसरी एफआईआर सैमुअल गुरुदेव सिंह ने 37 आरोपियों के खिलाफ डकैती और अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसमें 25 अज्ञात लोग शामिल थे। इस घटना में अवनीश दीक्षित का कमिश्नरेट पुलिस ने पहला इंटर रेंजर गैंग पंजीकृत किया। पुलिस ने गैंग लीडर अवनीश दीक्षित और कुल 15 शातिर हरेंद्र मसीह, राहुल वर्मा, विसेंट विक्रम उर्फ विक्की चार्ल्स, संदप शुक्ला, कमला एरियल, अभिषेक एरियल, नौरिस एरियल, अर्पण एरियल, अली अब्बास, जितेश झा, जितेंद्र शुक्ला, विवेक पांडेय, मनोज यादव, मो वसीम खान, अखलाक अहमद शामिल है।
विवेचना के दौरान अवनीश के रमन गुप्ता, अमन, नितिन समेत चार और साथियों के नाम खुले हैं। इनमें रमन गुप्ता को कोतवाली पुलिस जेल भेज चकी है। कमिश्नरेट के अफसर के अनुसार (14 ए) गैंगस्टर एक्ट के तहत अवनीश दीक्षित और उसके गैंग में शामिल शातिरों की चल अचल संपत्ति जब्त करने की तैयारी तेज हो गई है। उनके अनुसार अवनीश दीक्षित की अब तक जो चल अंचल संपत्तियां सामने आई हैं, वह 3.25 करोड़ आंकी गई है।
वहीं जमीनों के पीछे खेल करने वाले मास्टरमाइंड हरेंद्र मसीह के पास 11.19 करोड़ की संपत्ति सामने आई है। इस संबंध में कमिश्नरेट के अफसरों की कार्रवाई तेज हो गई है। अब तक अवनीश दीक्षित और हरेंद्र मसीह की सामने आई चल अचल संपत्तियों को जब्त करने से जुड़ी फाइल जिलाधाकारी के पास पांच दिन पूर्व भेजी गई है।
जिलाधिकरी की अनुमति मिलने ही गैंगस्टर हरेंद्र मसीह और अवनीश दीक्षित की संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं अवनीश गैंग के अन्य शातिर सदस्यों की भी संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
