बरेली: अंदर सो रहा था परिवार...कब्जा करने आए दबंगों ने बुलडोजर से ढहा दिया मकान
बहेड़ी, अमृत विचार। नैनीताल रोड फोरलेन हाईवे के किनारे बने कीमती मकान पर कब्जा करने की मंशा से दबंगों ने जेसीबी मशीन चलवाकर ढहा दिया। हैरानी की बात ये कि मकान में सो रहे लोगों को हटाए बिना बुलडोजर चला। विरोध किया तो हथियारों और लाठी डंडों से लैस लोगों ने जमकर दहशत फैलाई, और पथराव भी कर दिया। महिलाओं के साथ भी छेड़खानी भी की गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने 12 लोगों को नामजद व 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के चलते नगर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है।
नगर के मोहल्ला शिकोही नगर निवासी अफरोज बेगम ने पुलिस को बताया कि उसका एक बेशकीमती मकान हाईवे के किनारे बना हुआ है। इस मकान को कई साल पहले खरीदा था। इस मकान पर हरीश चंद्रपाल कब्जा करना चाहता है। गुरुवार सुबह 6:30 बजे वह अपने साथ 30 से अधिक लोगों को लेकर उसके मकान पर कब्जा करने पहुंचा। उसे वक्त सभी लोग घर में सो रहे थे। दो जेसीबी मशीन लगाकर उसके मकान को गिरा दिया गया। मकान में सो रहे चार लोग घायल हो गए कई अन्य चोटिल हुए। उसके परिवार के लोगों ने जब विरोध किया तो आरोपी के साथ आए लोगों ने पथराव करना शुरू कर दिया। दबंग के साथ आए लोग अवैध असलहों, लाठी -डंडों से लैस थे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी हरिश्चंद्र पाल वह एक अन्य ने वारदात के दौरान उसे पकड़ लिया और उसके छेड़खानी की, और धमकी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो वह उसे उठा कर ले जाएंगे।
नवंबर में भी की थी तोड़फोड़
वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद सीओ अरुण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर संजय तोमर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके की वीडियो ग्राफी कराई गई व घायल हाजी सईद अहमद, नसीम अहमद, शिफा व अफरोज बेगम को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भिजवाया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 8 नवंबर 2024 को आरोपियों ने उसके मकान पर कब्जा करने की मंशा से तोड़फोड़ की थी। जिसकी वीडियो ग्राफी उसके पास मौजूद है और मकान को ढहाए जाने की गुरुवार की वीडियो भी उसके पास मौजूद है।
आरोपियों की शासन में है पैठ
बताया कि आरोपी दबंग व भू माफिया किस्म के हैं उनके शासन प्रशासन में अच्छी पैठ है जिसके चलते उनके खिलाफ पुलिस प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता है। अफरोज बेगम की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी हरिश्चंद्र पाल निवासी ग्राम शरीफ नगर हाल निवासी आर्य नगर, सुरेंद्र कुमार निवासी शेखुपुर, टीकम सिंह निवासी जाजूनागर, मनोज शर्मा निवासी महादेवपुरम, टीकम भाटी, मोहन सिंह निवासी मोहल्ला बाजार, मोहम्मद आरिफ निवासी राजा गार्डन, अक्षय मंगलम निवासी जाजूनागर, मंजूर अहमद, शारिक निवासी मोहल्ला मदार नगर, आफताब, जावेद निवास इस्लामनगर के अलावा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: असिस्टेंट कमिश्नर ड्रग मुरादाबाद 15 हजार की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
