लखनऊः मारपीट को लेकर वकीलों ने किया प्रदर्शन, काली पट्टी बांधकर हाई कोर्ट पहुंचे वकील

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: प्रयागराज में वकील के साथ हुई मारपीट मामले को लेकर हाईकोर्ट के बाहर गुरुवार को वकीलों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से कामकाज भी प्रभावित रहा। सभी वकीलों ने काली पट्टी बांध कर सुरक्षा की मांग की। लखनऊ बार एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं के खिलाफ हो रही घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।

ज्ञात हो कि प्रयागराज में वकील धीरेंद्र सिंह के साथ 4 फरवरी को मारपीट हुई थी। आरोप है कि उप निरीक्षक अतुल सिंह ने सार्वजनिक रूप से वकील के साथ दुर्व्यवहार किया। उनके कोट पैंट फाड़ दिए गए थे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। यह जानकारी जब वकीलों को मिली तो गुरुवार को वकीलों ने प्रदर्शन किया।

वकीलों ने प्रशासन को दी चेतावनी

बार की तरफ से प्रशासन को चेतावनी दी गई और कहा गया कि अभी सिर्फ काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया जा रहा है। लखनऊ बार एसोसिएशन में 5000 वकील शामिल हैं। अगर जल्द से जल्द मांगों को नहीं माना गया तो वकील सड़क पर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। कुछ दिन पहले लखनऊ में भी वकील देवकीनंदन पांडेय पर हमला हुआ था। इस मामले को लेकर भी यूपी बार काउंसिल के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान सदस्य परेश मिश्रा ने अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर को पत्र लिखा है। पत्र में बताया गया है कि विभूति खंड थाने में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद वकील को लगातार धमकियां मिल रही हैं।

5 फरवरी को अध्यक्ष रमेश प्रसाद तिवारी और महामंत्री ब्रजभान सिंह 'भानू' की अगुआई में कार्यकारिणी की बैठक हुई। बार एसोसिएशन ने प्रस्ताव पारित कर पुलिस आयुक्त प्रयागराज से दोषी पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग की है। एसोसिएशन का कहना है कि 6 फरवरी को किसी भी मुकदमे में एकपक्षीय आदेश न पारित किया जाए। क्योंकि वकील और वादकारी अनुपस्थिति रहेंगे।

यह भी पढ़ेः लखनऊ: डीएम के निर्देश पर 8 करोड़ 17 लाख रुपये की सरकारी जमीन कराई गई अतिक्रमण मुक्त

संबंधित समाचार