'बड़की भाभी' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर इस दिन होगा रिलीज, अंजना सिंह ने एक्टिंग का बिखेरा जलवा
.png)
मुंबई, अमृत विचारः भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार अंजना सिंह की फिल्म बड़की भाभी का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर आठ फरवरी को फिलमची भोजपुरी चैनल पर होगा। फिलमची भोजपुरी एक बार फिर से भोजपुरी के दर्शकों के सामने पारिवारिक फिल्म 'बड़की भाभी' लेकर आ रहा है। अंजना सिंह स्टारर इस फिल्म का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर आगामी आठ फरवरी को शाम पांच बजे से फिलमची भोजपुरी पर होगा।
इस फिल्म के निर्माता आदित्य पिट्टी एवं रत्नाकर कुमार और निर्देशक धीरू यादव हैं। फिल्म 'बड़की भाभी' की कहानी सुनिता (बड़की भाभी) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो धर्मपुर गांव के प्रधान की पत्नी है। सुनिता घर की मुखिया के रूप में प्रधान के छोटे भाइयों की परवरिश करती है और घर के सभी सदस्य उन्हें मां का दर्जा देते हैं। लेकिन प्रधान अपने भाइयों की एकता को ही घर की मजबूत नींव मानता है और इसे लेकर अक्सर सुनिता और अन्य बहुओं को ताने मारता रहता है।
एक दिन यह ताने और प्रधान का अहंकार महिलाओं के लिए असहनीय हो जाता है और वे पुरुषों को चुनौती देती हैं कि वे घर चलाने में खुद को साबित करें। इसके बाद घर में पुरुषों और महिलाओं के बीच एक शर्त लगती है, जिसे सुनिता स्वीकार नहीं करती क्योंकि वह घर की शांति और एकता भंग नहीं करना चाहती। शर्त के चलते महिलाएं घर का सारा काम छोड़ देती हैं और पुरुषों को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काकर प्रधान और सुनिता को अलग-थलग कर देती हैं।
इस बीच घर का बंटवारा और संपत्ति के विभाजन तक बात पहुंच जाती है। इसके बाद बड़की भाभी एक ऐसी चाल चलती है कि शर्त वाले सब हैरान हो जाते हैं...क्या है वो चाल? क्या होता है शर्त का, क्या औरतें जीत जाती हैं या मर्द? क्या घर टूट जाता है या बड़की भाभी बचा पाती है? जो होता है, वही देखने योग्य है, जिसके लिए थोड़ा इंतज़ार करना होगा।
यह भी पढ़ेः Oops! Ab Kya? का ऑफिशियल ट्रेलर हुआ रिलीज