बदायूं: कथा सुनने गई महिला, घर पर बेटे की मौजूदगी में कर ली चोरी...नकदी समेत ले गए जेवरात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

विजय नगला, अमृत विचार: चोरों ने गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने गई महिला का घर खंगाल लिया। 50 हजार रुपये की नकदी और आभूषण चोरी करके ले गए। घर पहुंचने पर महिला को चोरी की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। जांच शुरू कर दी गई है।

थाना बिनावर क्षेत्र के गांव विजय नगला निवासी गुड़िया के पति शेर सिंह की मौत हो चुकी है। वह अपने आठ साल के बेटे विशाल के साथ रहती हैं। वह मजदूरी करके परिवार चलाती हैं। शुक्रवार रात वह गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा सुनने के लिए अपने बेटे के साथ गई थीं। कुछ देर के बाद विशाल को नींद आने लगी। उसने गुड़िया से कहा कि वह घर जा रहा है, मम्मी तुम भी चलो। गुड़िया ने उसे घर भेज दिया और वह कथा सुनने लगीं। 

विशाल घर आकर सो गया। रात लगभग 12 बजे चोर घर में दाखिल हुए। चोरों को देखकर विशाल चुप रहा। चोरों के चोरी करके जाने के बाद विशाल दौड़कर कथास्थल पहुंचा और मां को चोरी के बारे में बताया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण गुड़िया के घर पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस गांव पहुंची।

गुड़िया ने बक्सा में रखी नकदी, चांदी के खडुआ, हसुलिया, पाजेब आदि चोरी करके ले गए। गुड़िया ने बताया कि उसने अपनी बकरी बेचकर और मजदूरी के रुपये घर पर रखे थे। थाना प्रभारी अशोक कुमार कंबोज ने बताया कि तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: पति ने किया सुसाइड, पत्नी और बेटे ने शव फिंकवाया, फिर लगाया था हत्या का आरोप

संबंधित समाचार