शाहजहांपुर: सड़क दुर्घटना में वीडियो ग्राफर और दुकान मालिक की पत्नी की मौत
जमुका/शाहजहांपुर, अमृत विचार। सीतापुर रोड पर बरतारा गांव के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार महिला और युवक घायल हो गए। दोनों घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया। डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। महिला के पति की वीडियो ग्राफी की दुकान थी और युवक उसकी दुकान पर वीडियो ग्राफी का काम करता था। दोनों मृतक बरेली जिले के रहने वाले थे।
बरेली जिले के थाना प्रेमनगर के मोहल्ला भूड़ निवासी विवेक कुमार जौहरी की वीडियो ग्राफी की दुकान है। वह और उसकी पत्नी 35 वर्षीय शिप्रा जौहरी दुकान पर बैठा करते थे। उसकी दुकान पर 23 वर्षीय देवेश शर्मा निवासी जोगी नवादा थाना बरादरी जिला बरेली काम करता था। वह शादी में वीडियो ग्राफी का काम करता था। रोजा क्षेत्र में शादी में वीडियो ग्राफी का काम किया था। विवेक कुमार ने अपनी पत्नी शिप्रा जौहरी से कहा कि देवेश शर्मा को लेकर शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र में चले जाओ और पुराना भुगतान लेकर आ जाओ। देवेश और शिप्रा शुक्रवार की दोपहर ढाई बजे बरेली से रोजा के लिए बाइक से निकले थे। दोनों लोगों को रोजा क्षेत्र में जहां से पेमेंट लेना था, वहां गए। लेकिन पेमेंट नहीं मिला। महिला ने अपने पति से फोन पर कहा कि पेमेंट नहीं मिला है। पति ने कहा कि वापस बरेली चले आओ। दोनों लोग रात में करीब 12 बजे बाइक से बरेली वापस लौट रहे थे। सीतापुर रोड पर बरतारा गांव के सामने अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार दोनों लोग घायल हो गए। चालक वाहन लेकर भाग गया। बाइक क्षतिग्रस्त हो गयी। सूचना पर रोजा प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिपाहियों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल महिला और युवक को मेडिकल कालेज भेज दिया। डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दुकान कार्ड मिला और दिए गए फोन मिलाकर परिवार वालों को सूचना दी। परिवार वाले देर रात बरेली से मेडिकल कालेज पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बेटे देवेश की शादी के लिए रिश्ता कर रहे तलाश
रामभजन शर्मा ने बताया कि उनकी किराना की दुकान है। उसका बेटा देवेश शर्मा शादी में वीडियो ग्राफी का काम करता था। तीन बेटे हरीश शर्मा, सचिन शर्मा में देवेश सबसे छोटा था। मृतक की मां का निधन हो चुका है। उसकी एक बहन याक्षी की शादी हो चुकी है। दिन में ढाई बजे बेटे ने फोन पर बताया कि दुकान मालिक की पत्नी शिप्रा जौहरी के साथ शाहजहांपुर पेमेंट के लिए जा रहा हूं। उनको रात एक बजे हादसे की सूचना मिली और परिवार के साथे मेडिकल कालेज पहुंच गए। उन्होंने अपने बेटे की शादी के लिए कई जगह रिश्ता देखा और कुछ जगह बात चल रही थी। इस साल शादी करने की योजना थी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
पत्नी ने रात में नौ बजे फोन की थी बात
मृतका शिप्रा जौहरी के पति विवेक जौहरी की वीडियो ग्राफी की दुकान है और शादी आदि कार्यक्रम में वीडियो ग्राफी करते है। मृतका के तीन बच्चे परी जौहरी, मन्नत जौहरी और सबसे छोटा बेटा अभिनदंन जौहरी है। तीन बच्चें पढ़ाई कर रहे है। विवेक जौहरी ने बताया कि रोजा क्षेत्र में कुछ पेमेंट बकाया था। उनकी पत्नी देवेश को लेकर पेमेंट लेने गयी थी। रात में नौ बजे उसकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी और कहा कि पेमेंट नहीं मिला है, वापस आ रहे है। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया।
हादसे में महिला की मौत
रोजा थाना क्षेत्र के गांव जपनापुर निवासी राम स्वरुप की पत्नी 37 वर्षीय चन्द्री शुक्रवार की रात आठ बजे शौच करने के लिए जा रही थी। मुकरमपुर रोड पर गांव के सामने अज्ञात वाहन ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे महिला घायल हो गई। सूचना पर उसका बेटा अवधेश कुमार मौके पर पहुंचा और अपनी मां को मेडिकल कालेज लेकर आया। इलाज के दौरान देर रात महिला की मौत हो गई। मृतका के पति मजदूरी करते है और उसके चार लड़के और एक लड़की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में रोना पीटना मच गया।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: बिल्ली पीछा करते-करते तालाब में गिरे ढाई साल के मासूम की डूबकर मौत
